स्वतंत्र आवाज़
word map

तुष्टीकरण की राजनीति का अंत हुआ-शाह

चंडीगढ़ प्रेस क्लब में 3 साल पर मीडिया से मुख़ातिब

'पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस का नया युग शुरु'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 21 May 2017 11:25:09 AM

bjp president amit shah in chandigarh press club

चंडीगढ़। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा है कि नरेंद्र मोदी सरकार के तीन साल के शासन में देश में परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति का अंत होकर पॉलिटिक्स ऑफ़ परफॉरमेंस के एक नए युग की शुरुआत हुई है। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में मीडिया के सामने मोदी सरकार के तीन साल का लेखाजोखा प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चुने जाने के बाद पहली ही बैठक में नरेंद्र मोदी ने यह स्पष्ट कर दिया था कि केंद्र की भाजपा सरकार देश के ग़रीबों, मज़दूरों एवं किसानों की सरकार होगी और इन तीन साल में मोदी सरकार ने इसे अक्षरशः चरितार्थ करके दिखाया है। अमित शाह ने कहा कि तीन वर्ष में देश में हुए लगभग हर चुनावों में हमारी जीत हुई है, व्यापक जनादेश के माध्यम से लोगों का जो प्यार हमें मिल रहा है, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मोदी सरकार की लोकप्रियता का परिचायक है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी को मिले तीन-चौथाई बहुमत की जीत ने यह साबित कर दिया है कि मोदी सरकार के तीन साल के कामकाज को जनता ने दिल से स्वीकारा है और सराहा है।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई भी आरोप नहीं है, यहां तक कि हमारे विरोधी भी हम पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा सके हैं। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री और भाजपा के सर्वोच्च नेता नरेंद्र मोदी आजादी के बाद देश के सबसे अधिक लोकप्रिय नेता के रूप में उभरे हैं, इसमें कोई संशय नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की यूपीए सरकार के समय जहां देश की अर्थव्यवस्था बदहाल स्थिति में थी, वहीं आज भारत दुनिया की सबसे तेज़ गति से दौड़ती अर्थव्यवस्था है। अमित शाह ने कहा कि जीएसटी लागू करने के लिए भी सभी पार्टियों की सरकारों को एक मंच पर लाने, उन्हें सहमत करने और जीएसटी को क़ानून के रूप में तब्दील करने का काम भी हमारी सरकार की एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा देकर देश के दलित, पीड़ित, शोषित और वंचितों को सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है, तीन साल में ही लगभग 13 हजार से अधिक गाँवों में बिजली पहुंचाने का काम पूरा कर लिया है और 2018 तक देश में एक भी गाँव ऐसा नहीं रहेगा, जहां बिजली नहीं होगी।
अमित शाह ने क‌हा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राजनीतिक जीवन के अंदर शुचिता लाने और सार्वजनिक जीवन में से कालेधन के दुष्प्रभाव को निरस्त करने के लिए एक बहुत बड़ा चुनाव सुधार का कार्यक्रम लेकर आए हैं। उन्होंने कहा कि बेनामी संपत्ति, शत्रु संपत्ति और शेल कंपनियों के खिलाफ बड़ी मुहिम छेड़कर मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार और कालेधन के खिलाफ अंकुश लगाने का काम किया है। अमित शाह ने कहा कि सर्जिकल स्ट्राइक के जरिये दुश्मन को उसके घर के अंदर घुस कर उसे ख़त्म करके दुनिया में भारत को एक शक्तिशाली देश के रूप में प्रतिष्ठित करने का काम किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा के जरिये खेत से लेकर खलिहान तक किसानों की फसल को सुरक्षित करने का बीड़ा उठाया गया है, देश के चार करोड़ घरों में शौचालय निर्माण का काम पूरा कर लिया गया है और मैं मानता हूं कि स्वच्छ भारत अभियान और समाज सुधार की दिशा में यह एक बहुत बड़ी उपलब्धि है। अमित शाह ने कहा कि चाहे नमामि गंगे अभियान हो, चाहे स्वच्छ भारत अभियान हो या फिर चाहे ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ' अभियान-जन-भागीदारी के जरिये सभी समस्याओं को एड्रेस करने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है।
चंडीगढ़ में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भारतीय जनता पार्टी सरकार की तीन साल की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने भाजपा के राज्य कार्यालय में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा का अनावरण किया और नानाजी देशमुख ग्रंथालय एवं ई-लाइब्रेरी का उद्घाटन किया। उन्होंने राज्य के भाजपा पदाधिकारियों के साथ बैठकर संगठन के कार्यों की समीक्षा करते हुए भाजपा को मजबूत करने के प्रयासों की भी समीक्षा की। ज्ञात हो कि अमित शाह भाजपा संगठन विस्तार के 95 दिनों के अपने विस्तृत प्रवास कार्यक्रम के तहत चंडीगढ़ पहुंचे हैं। उन्होंने चंडीगढ़ में पंडित दीनदयाल उपाध्याय कार्य विस्तारक योजना की समीक्षा की, इसके बाद बुद्धिजीवियों के साथ एक बैठक में भाग लिया और उनसे विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि 10 सदस्यों के साथ शुरू हुई भारतीय जनता पार्टी 11 करोड़ से अधिक सदस्यता के साथ आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज देश की 58 प्रतिशत आबादी और 60 प्रतिशत भू-भाग पर भारतीय जनता पार्टी की सरकारों के रूप में अस्तित्व में है, संसद में सवा तीन सौ के आस-पास हमारे सांसद हैं और आजादी के बाद पहली बार पूर्ण बहुमत की किसी गैर-कांग्रेसी दल को देश में सरकार बनाने का सौभाग्य मिला है।
अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश के मान-सम्मान को ऊंचा उठाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने योग के माध्यम से देश की संस्कृति को विश्व पटल पर स्वीकृति दिलाने का काम किया है, आज पूरा विश्व 21 जून को योग दिवस मनाता है। उन्होंने कहा कि पेरिस जलवायु सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत जलवायु संरक्षण एवं सुधार की दिशा में एक संवेदनशील राष्ट्र बन कर दुनिया की अगुवाई कर रहा है, यह हमारे लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश की सीमा को सुरक्षित करने के लिए विशेष प्रयास किये हैं। अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठन भी दक्षिण से लेकर पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में और मजबूत हुआ है, हम खासतौर पर केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, ओडिशा, पश्चिम बंगाल त्रिपुरा पर फोकस कर रहे हैं, यहां हमें अच्छी सफलता प्राप्त हो रही है। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि मोदी सरकार के तीन साल के कामकाज का एक बहुत अच्छा संदेश देश की जनता के बीच गया है और लोगों को पहली बार यह पता चला है कि जनता के लिए काम करने वाली सरकार कैसी होती है, एक निर्णायक और संवेदनशील सरकार कैसी होती है, जनता के हित के लिए फैसले लेने वाली सरकार कैसी होती है और जनता की भलाई के लिए नीतियां बनाने वाली सरकार कैसी होती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]