स्वतंत्र आवाज़
word map

'दिल्ली में नकारात्मक राजनीति को कड़ा जवाब'

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह का दिल्ली को हार्दिक धन्यवाद

'खुराना, मल्होत्रा और साहिब दिल्ली भाजपा की नींव'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 2 May 2017 05:59:53 AM

bjp president amit shah, hearty thanks to delhi,

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नई दिल्ली के सिविक सेंटर में दिल्ली नगरनिगम चुनाव में भाजपा की अभूतपूर्व जीत पर आयोजित विजय पर्व सम्मेलन में दिल्ली के नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों को संबोधित किया और उनसे दिल्ली की जनता की भलाई के लिए अनवरत काम करते रहने को कहा। ज्ञातव्य है कि दिल्ली नगरनिगम में भारतीय जनता पार्टी की इस ऐतिहासिक जीत को सुकमा और जम्मू-कश्मीर में देश की रक्षा करते शहीद हुए देश के वीर जांबाजों को समर्पित किया गया है। सम्मेलन की शुरुआत सुकमा नक्सली हमले में और जम्मू-कश्मीर में सीमा पर दुश्मनों से लड़ते हुए देश के वीर शहीदों के सम्मान में दो मिनट के मौन और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना से हुई। इससे पहले विजय पर्व सम्मेलन को राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) रामलाल, भारतीय जनता पार्टी के उपाध्यक्ष, दिल्ली प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू और दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष मनोज तिवारी ने संबोधित किया।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दिल्ली नगरनिगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की जो जीत हुई है, उसके लिए मैं आप सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई देता हूं। उन्होंने कहा कि भाजपा विचारधारा के विरोधी लोग ये आस लगाए बैठे थे कि नरेंद्र मोदी का विजय रथ पूरे देश से घूमता-घूमता कब दिल्ली आए और दिल्ली में यह विजय रथ अटक जाएगा, लेकिन दिल्ली के कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम, रणनीति, जूनून के कारण यह विजय रथ और प्रचंडता के साथ आगे बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में इससे पहले जो विजय मिली थी, इससे भी अनेक गुणा प्रचंड विजय दिल्ली के कार्यकर्ताओं ने प्राप्त की है। उन्होंने कहा कि मैं भारतीय जनता पार्टी की ओर से दिल्ली प्रदेश की जनता का भी हृदय से धन्यवाद करना चाहता हूं, क्योंकि दिल्ली प्रदेश की जनता ने हमारे नेता और देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार के कामकाज पर मुहर भी लगाने का काम किया है, उनमें अपनी श्रद्धा व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि दिल्ली नगरनिगम में जीत ने देश में नकारात्मक राजनीति, परफॉरमेंस की जगह बहानेबाजी और हर चीज में अवगुण ढूंढने का जो नया अध्याय शुरू हो रहा था, उसे ख़त्म करने का काम किया है।
अमित शाह ने विजय पर्व में ओजस्वी और प्रेरणादायक विचारों से समृद्धशाली एवं एक संरक्षक की तरह उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि आज यहां चुनाव जीतने वाले पार्षद और चुनाव हारने वाले उम्मीदवार भी बैठे हैं और चुनाव न लड़ने वाले भी बैठे हैं, मीडिया, अख़बार और दुनिया के लिए इन तीनों के बीच कोई भेद होगा, लेकिन मेरे लिए इन तीनों में कोई भेद नहीं है, ये सब मेरे अपने हैं और मेरे लिए तीनों की जिम्मेदारी समान है। उन्होंने कहा कि हमारे पार्षद चुनाव नहीं लड़ेंगे, यह निर्णय भारतीय जनता पार्टी का था और बड़े मन का परिचय देते हुए हमारे सभी निवर्तमान पार्षदों ने पूरे मनोयोग से नए पार्षदों को जिताने का महत्तम प्रयास किया, मैं मानता हूं कि भारतीय जनता पार्टी के अलावा यह कहीं और संभव नहीं था। उन्होंने कहा कि मैं उन सभी पुराने पार्षदों का दिल की गहराइयों से स्वागत करता हूं और उनके मन के कार्यकर्ता को भी सलाम करना चाहता हूं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि एक नई उमंग के साथ और जनसमर्थन मिलने के विश्वास के साथ दिल्ली आगे बढ़े, यह आज के समय की बहुत बड़ी मांग है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मैं संगठन के सभी पदाधिकारियों से कहना चाहता हूं कि दिल्ली नगरनिगम चुनाव में जीत हमारा गंतव्य नहीं था, हमारा लक्ष्य नहीं था, यह दिल्ली में सरकार बनाने की नींव है, यह समझकर हमारे कार्यकर्ताओं ने एमसीडी का चुनाव लड़ा। उन्होंने कहा कि जो पार्टियां पराजय को भूल जाती हैं, वह अपनी प्रगति नहीं कर सकतीं। उन्होंने दिल्ली एमसीडी की नई टीम के सदस्यों से कहा कि वे हर पल, हर क्षण इस बात को याद रखें कि अगले दिल्ली विधानसभा में विजय की नींव उनके ही काम से डाली जाएगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता ने हमपर जो विश्वास रखा है, उसपर हम खरे उतरें और जैसे फलदार वृक्ष धरती माता की ओर झुक जाता है, उसी तरह इस विजय का धन्यवाद करते हुए हम और विनम्र एवं जिम्मेदार बनें, तभी जाकर हमसे जो जनता की अपेक्षाएं हैं, वे हम पूर्ण कर पाएंगे। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में देश की जनता ने बिना किसी विशेष अपेक्षा के नए भारत के लिए भारतीय जनता पार्टी और भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्वास व्यक्त करते हुए ऐतिहासिक जनादेश दिया था, जिसके बाद संसद के केंद्रीय सभागार में प्रधानमंत्री ने कहा था कि मेरी सरकार देश के गांव, ग़रीब, किसान और युवाओं को समर्पित सरकार होगी और मेरी सरकार की जिम्मेदारी है कि देश का मान पूरी दुनिया में बढ़े।
अमित शाह ने कहा कि इस महीने नरेंद्र मोदी सरकार के तीन वर्ष पूरे होने वाले हैं, आज जब हम पीछे मुड़कर देखते हैं तो पाते हैं कि उन्होंने हर बिंदु को न सिर्फ स्पर्श किया है, बल्कि उसका समाधान ढूंढने का सफल प्रयास भी किया है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेज़गति से विकास करने वाली अर्थव्यवस्था बनी है, किसानों की भलाई के लिए कई योजनाओं की शुरुआत की गई है, स्टैंड-अप, स्टार्ट-अप और स्किल इंडिया के माध्यम से देश के युवाओं को विश्व के युवाओं से प्रतिस्पर्द्धा करने का एक प्लेटफ़ॉर्म दिया गया है, देश के दो करोड़ से अधिक ग़रीब महिलाओं के घरों में गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम किया गया है, देश के सात करोड़ से अधिक घरों में शौचालय बनाकर सोशल एम्पावरमेंट को एक नए तरीके से पारिभाषित किया गया है और न जाने ग़रीब कल्याण के कितने ही काम किए गए हैं। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग़रीब-कल्याण एवं देश के विकास के लिए अहर्निश काम करके देश के अंदर बहुत बड़े परिवर्तन की शुरुआत की है, इससे हिंदुस्तान आज तरक्की के पथ पर बहुत आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का छलांग लगाने का जो स्वभाव है, उसके कारण देश को भी छलांग लगाने का मौक़ा मिला है, यही हमारा परिचय है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हम ऐसा जीवन जिएं जो दूसरों के लिए प्रेरणा और उदाहरण बन जाए और उसके कारण बाकी सभी वैसा ही सार्वजनिक जीवन जीने के लिए बाध्य हो जाएं। उन्होंने कहा कि यह हमारी जिम्मेदारी बनती है कि हमारे कार्यों से जनता के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएं। उन्होंने कहा कि दिल्ली देश की राजधानी है, इसे दुनिया के एक मॉडल कैपिटल के रूप में कैसे विकसित किया जाए, उसका सामाजिक ताना-बाना कैसे समृद्ध किया जाए, किस तरह से राजधानी को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैसकर अंतर्राष्ट्रीय स्तर का बनाया जाए, किस तरह से शासन की वैज्ञानिक पद्धति को अपना कर उसे पारदर्शी और लोकाभिमुख बनाया जाए, यह जिम्मेदारी विशेष रूपसे दिल्ली के नवनिर्वाचित भाजपा पार्षदों की है, दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की है और दिल्ली भाजपा की नई टीम की है। उन्होंने कहा कि मैं मानता हूं कि आप सबसे जनता की अपेक्षाएं भी हैं, इस जिम्मेदारी को हमें बखूबी निभाना चाहिए। उन्होंने कहा कि नकारात्मकता की आंधियों के बीच भी आशा का दीपक शौर्य से टिमटिमाता रहे, हम इसे और मजबूत बनाएं। अमित शाह ने कहा कि दिल्ली नगरनिगम चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को मिली अभूतपूर्व जीत दिल्ली की जनता की जीत है। उन्होंने कहा कि इससे पहले मैं पञ्च परमेश्वर कार्यक्रम में आया था और इन दोनों कार्यक्रमों की आत्मा मेरे बूथ के कार्यकर्ता हैं।
अमित शाह ने बूथ कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया और कहा कि चाहे रणनीति कितनी भी अच्छी क्यों न हो, कितना भी अच्छा परफॉरमेंस क्यों न हो, कितने भी अच्छे प्रत्याशी क्यों न हों, कितना भी संगठन मजबूत क्यों न हो, लेकिन अगर बूथ चुनाव नहीं जीतता तो भारतीय जनता पार्टी चुनाव नहीं जीतती। उन्होंने कहा कि हमारे बूथ कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर बहुत ही अच्छे से काम किया और दिल्ली की जनता को मतदान केंद्र तक पहुंचाने का काम किया, मैं मानता हूं कि सच्चे अर्थों में मेरे बूथ कार्यकर्ता ही इस विजय के और अभिनंदन के अधिकारी हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भले ही इस जीत को ईवीएम के कारण मिली जीत बता रहे हों, लेकिन यदि उनको सच्चा कारण ढूंढना है तो वह मेरे बूथ अध्यक्ष से जाकर मिलें, उन्हें कारण पता चल जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बहुत समय बाद दिल्ली प्रदेश भारतीय जनता पार्टी में एक आत्मविश्वास जगाने का काम इस नगरनिगम चुनाव ने किया है, नगरनिगम के पांच साल के हमारे कार्यकाल के आधार पर हम दिल्ली में सरकार बनाएं, यह हमारा संकल्प होना चाहिए। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली में देश के हर कोने के लोग रहते हैं, इसलिए दिल्ली का चुनाव ऐसे ही रेफरेंडम हो जाता है, दिल्ली के जनादेश का मतलब देश का जनादेश होता है, देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है और वह उनकी विकास यात्रा में भागीदार बनना चाहती है, यही इसका अर्थ है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि हमारी प्रेरणा का स्रोत क्या होना चाहिए, हमारा जनप्रतिनिधि कैसा होना चाहिए, सार्वजनिक जीवन में जनादेश मिलने के बाद हमें किस प्रकार से काम करना चाहिए, जनता के साथ किस तरह से संवाद स्थापित करना चाहिए, यह हमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तमाम व्यस्तताओं के बावजूद देश का छोटा-से-छोटा व्यक्ति भी उनकी वेबसाइट पर जाकर उनसे प्रश्न पूछ सकता है, उसका जवाब भी पाता है और 'मन की बात' में शाबाशी भी पाता है। उन्होंने कहा कि एक भी महीना ऐसा नहीं गया, जहां इस देश के किसी कोने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी न गए हों। उन्होंने कहा कि अभी तक 300 से अधिक जिलों में प्रधानमंत्री का प्रवास हो चुका है, यह बात हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक जीवन में शुचिता को पुर्नस्थापित करने की जिम्मेदारी और किसी पार्टी की नहीं हैं, यह जिम्मेदारी न तो कांग्रेस की है, न ही आम आदमी पार्टी की और न ही किसी और की, यह जिम्मेदारी भारतीय जनता पार्टी की है। उन्होंने कहा कि मैं इस अवसर पर दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के मूल काम की शुरुआत करने वाले कार्यकर्ताओं विजय कुमार मल्होत्रा, मदनलाल खुराना, साहिब सिंह वर्मा का स्मरण करता हूं, जिन्होंने दिल्ली में भाजपा की नींव रखी थी, आज नई पीढ़ी ने उसे आगे बढ़ाने का काम किया है। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]