स्वतंत्र आवाज़
word map

नीदरलैंड में 'किंग्‍स डे' पर शुभकामनाएं!

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने भेजी राजा को बधाई

भारत और नीदरलैंड के सत्तर साल के संबंध

Thursday 27 April 2017 01:07:51 AM

प्रो पुष्पिता अवस्‍थी

प्रो पुष्पिता अवस्‍थी

netherlands king's day

एम्सटर्डम/ नई दिल्ली। नीदरलैंड के राजा विलेम एलेक्‍जेंडर का जन्मदिन धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस शानदार देश नीदरलैंड में 'किंग्‍स डे' का हर साल भव्य आयोजन होता है, जिसमें यहां की जनता जश्न मनाती है और अपने राजा के सुखी एवं दीर्घजीवी होने की कामना करती है। नीदरलैंड की जनता अपने राजा से बहुत प्यार करती है और राजा भी अपने देश और जनता की सुख-समृद्धि, न्याय एवं सुरक्षा के प्रति दृढ़ प्रतिज्ञ रहते हैं। भारत के राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने नीदरलैंड के किंग्‍स डे पर नीदरलैंड के राजा विलेम एलेक्‍जेंडर, नीदरलैंड की सरकार और वहां के नागरिकों को बधाई और शुभकामनाएं भेजी हैं। नीदरलैंड के राजा विलेम एलेक्‍जेंडर को भेजे अपने संदेश में राष्‍ट्रपति ने कहा कि भारत सरकार और भारत की जनता की तरफ से मैं नीदरलैंड के 'किंग्‍स डे' के अवसर पर आपको, आपकी सरकार और नीदरलैंड की जनता को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देता हूं।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने शुभकामना संदेश में कहा है कि भारत और नीदरलैंड के बीच सालों पुराने गर्मजोशी से भरे और द्विपक्षीय मित्रवत संबंध हैं, जो आज बहुमूल्य और बहुमुखी साझेदारी को स्थिरता प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम दोनों देश राजनयिक रिश्तों की स्थापना की 70वीं वर्षगांठ भी मना रहे हैं और मुझे पूरा विश्वास है कि आने वाले वर्षों में दोनों देशों के संबंध और भी ज्यादा मजबूत होंगे और दोनों देश अपने यहां की जनता के पारस्परिक लाभ के लिए और भी आगे बढ़ेंगे। राष्ट्रपति ने नीदरलैंड के राजा विलेम एलेक्‍जेंडर के अच्छे स्वास्‍थ्य और नीदरलैंड के मैत्रीपूर्ण लोगों की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी नीदरलैंड के नागरिकों को किंग्स डे पर शुभकामनाएं भेजी हैं। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर बधाई संदेश में कहा कि किंग्स डे पर मैं राजा विलियम एलेक्जेंडर को उनके जन्मदिन की हार्दिक बधाई देता हूं और उनकी दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य की कामना करता हूं।
नीदरलैंड दुनिया के पहले संसदीय लोकतांत्रिक देशों में से एक है। यह यूरोपीय संघ, नार्थ एटलांटिक ट्रीटी ऑर्गेनाइजेशन, आर्थिक एवं विकास संगठन एवं विश्व व्यापार संगठन का संस्थापक सदस्य है। बेल्जियम तथा लक्समबर्ग के साथ यह बेनेलक्स आर्थिक संघ का रूप लेता है। नीदरलैंड पांच अंतराष्ट्रीय अदालतों का मेज़बान है, स्थायी मध्यस्थता न्यायालय, अंतर्राष्ट्रीय न्यायालय, पूर्वी युगोस्लावाकिया के लिए अंतराष्ट्रीय आपराधिक ट्रिब्यूनल, अंतर्राष्ट्रीय अपराधिक न्यायालय एवं ट्रिब्यूनल फॉर लेबनान। इनमे से प्रथम चार न्यायालय, यूरोपियन संघ की खुफिया एजेंसी यूरोपोल और न्यायिक सहयोगी एजेंसी युरोजस्ट नीदरलैंड के द हेग शहर में स्थित हैं। यही कारण है कि द हेग को विश्व की 'न्यायिक राजधानी' भी कहा जाता है। नीदरलैंड का 157 देशों की आर्थिक स्वतंत्रता की सूची में 15वां स्थान है।
भौगोलिक संदर्भ में नीदरलैंड एक निचला देश है। इसका लगभग बीस प्रतिशत क्षेत्र समुद्री तल से नीचे है, लगभग इक्कीस प्रतिशत आबादी समुद्री तल से नीचे रहती है एवं लगभग पचास प्रतिशत आबादी समुद्री तल से बस एक मीटर की ऊंचाई पर है। तटीय कटाव के कारण कमी तथा प्रवाह प्रणाली के घुमाव और बांध से नीदरलैंड के क्षेत्रफल में वृद्धि होती रहती है। यूरोपीय महाद्वीप के अन्य किसी भी देश के इतने निवासी अपने देश के क्षेत्र निर्माण में नहीं लगे हैं, जितने कि नीदरलैंड में लगे हैं। नीदरलैंड का क्षेत्रफल करीब 33,599 वर्ग किलोमीटर है। इस देश की सर्वाधिक लंबाई 304 किलोमीटर उत्तर-दक्षिण तथा अधिकतम चौड़ाई 256 किलोमीटर दक्षिण पश्चिम से उत्तर-पूर्व है। नीदरलैंड की स्थलीय आकृतियां तथा समुद्री सीमाएं मुख्यतयाः मास, राइन और स्खेल्डै नदियों के डेल्टा से प्रभावित होती हैं। डेल्टा का निर्माण प्रत्यक्ष रूप से इन नदियों के ज्वारीय क्षेत्र में गिरने से होता है। इससे ऊंचा उठा हुआ भाग समाप्त हो जाता है और पतले तथा लंबे गड्ढों का निर्माण होता है, जो नदियों की वेगवती धाराओं से आए अवसादों से भर जाते हैं।
नीदरलैंड यूरोप महाद्वीप का एक प्रमुख और शानदार देश है। यह उत्तरी-पूर्वी यूरोप में स्थित है और इसकी उत्तरी तथा पश्चिमी सीमा पर उत्तरी समुद्र है, इसके दक्षिण में बेल्जियम एवं पूर्व में जर्मनी है। इसके उत्तर में उत्तरी सागर है। एम्सटर्डम नीदरलैंड की राजधानी है। नीदरलैंड में द हेग को प्रशासनिक राजधानी का दर्जा दिया जाता है। नीदरलैंड को अक्सर हॉलैंड नाम से भी संबोधित किया जाता है एवं सामान्यतः नीदरलैंड के निवासियों तथा इसकी भाषा दोनों के लिए डच शब्द का उपयोग किया जाता है। नीदरलैंडवासी अपनी भाषा को अपना सबकुछ समझते हैं और अंग्रेजी का यहां कोई खास मतलब नहीं है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]