स्वतंत्र आवाज़
word map

योगी आदित्यनाथ ने ली मुख्यमंत्री की शपथ

केशव प्रसाद मौर्य और डॉ दिनेश शर्मा बने उप मुख्यमंत्री

22 कैबिनेट, 9 स्वतंत्र प्रभार तथा 13 राज्यमंत्री बने

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 20 March 2017 03:44:54 AM

yogi adityanath takes oath as chief minister

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, भाजपा के वरिष्ठ नेताओं लालकृष्‍ण आडवाणी, मुरलीमनोहर जोशी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह, केंद्रीय मंत्री वैंकैया नायडू और अन्य केंद्रीय मंत्रियों, समाजवादी पार्टी के संस्‍थापक अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और कल दोपहर तक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे अखिलेश यादव, कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे नारायणदत्त तिवारी, भाजपा नेताओं और कार्यकताओं के विशाल समूह की मौजूदगी में स्मृति उपवन में गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ ने 22 कैबिनेट मंत्रियों, 9 स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्रियों तथा 13 राज्यमंत्रियों के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री में रूप में पद और गोपनीयता की शपथ ग्रहण की। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने योगी आदित्यनाथ को प्रदेश का मुख्यमंत्री नियुक्त करते हुए उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल ने उनकी मंत्रणा से नियुक्त किए गए 2 उप मुख्यमंत्रियों केशव प्रसाद मौर्य और डॉ दिनेश शर्मा को भी पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित पांच मंत्री और राज्यमंत्री ऐसे हैं, जो अभी उत्तर प्रदेश विधानसभा में किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। इनको इन छह माह के भीतर किसी सदन का सदस्य बनना होगा। बहरहालकैबिनेट मंत्री के रूप में सूर्य प्रताप शाही, सुरेश खन्ना, स्वामी प्रसाद मौर्य, सतीश महाना, राजेश अग्रवाल, रीता बहुगुणा जोशी, दारा सिंह चौहान, धर्मपाल सिंह, एसपी सिंह बघेल, सत्यदेव पचौरी, रमापति शास्त्री, जय प्रताप सिंह, ओमप्रकाश राजभर, बृजेश पाठक, लक्ष्मी नारायण चौधरी, चेतन चौहान, श्रीकांत शर्मा, राजेंद्र प्रताप सिंह (मोती सिंह), सिद्धार्थनाथ सिंह, मुकुट बिहारी वर्मा, आशुतोष टंडन तथा नंदगोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने शपथ ली। स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री के रूप में अनुपमा जैसवाल, सुरेश राणा, उपेंद्र तिवारी, डॉ महेंद्र सिंह, स्वतंत्रदेव सिंह, भूपेंद्र सिंह चौधरी, धरम सिंह सैनी, अनिल राजभर तथा स्वाति सिंह ने शपथ ली, जबकि राज्यमंत्रियों के रूप में गुलाबो देवी, जयप्रकाश निषाद, अर्चना पाण्डे, जयकुमार सिंह जैकी, अतुल गर्ग, रणवेंद्र प्रताप सिंह (धुन्नी सिंह), डॉ नीलकंठ तिवारी, मोहसिन रज़ा, गिरीश चंद्र यादव, बलदेव ओलख, मनोहरलाल मन्नु कोरी, संदीप सिंह तथा सुरेश पासी ने शपथ ली।
उप्र राज्य मंत्रिमंडल शपथ ग्रहण कार्यक्रम में केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय शहरी विकास आवास और शहरी गरीबी उन्मूलन तथा सूचना और प्रसारण मंत्री एम वेंकैया नायडू, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग शिपिंग मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय विधि एवं न्याय, इलेक्ट्रानिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद, केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री कलराज मिश्र, केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) महेश शर्मा, केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री संतोष कुमार गंगवार, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस, गुजरात के मुख्यमंत्री विजयभाई आर रूपानी, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे तथा गोवा के मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर शामिल हुए। कार्यक्रम में जम्मू और कश्मीर के उप मुख्यमंत्री डॉ निर्मल कुमार सिंह ने भी शिरकत की। 

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]