स्वतंत्र आवाज़
word map

महिला दिवस पर कार्मिकों से मिले वेंकैया

सूचना और प्रसारण मंत्रालय का पहला आयोजन

मंत्रालय में नारीशक्ति के प्रयासों की प्रशंसा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 8 March 2017 11:14:29 PM

women's day

नई दिल्ली। सूचना और प्रसारण मंत्री एम वेंकैया नायडू ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर अपने मंत्रालय की महिला कर्मचारियों से मुलाकात की। उन्होंने महिलाकर्मियों से बातचीत करते हुए सुधार, प्रदर्शन और परिवर्तन के विज़न को मुख्यधारा में लाने के लिए मंत्रालय में नारी शक्ति द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें आशा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं का राजनीतिक सशक्तिकरण शीघ्र ही वास्तविकता बनेगी। महिलाओं के लिए आरक्षण के बारे में वेंकैया नायडू ने कहा कि महिलाओं से संबंधित व्यापक विषयों के समाधान के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और सोच में परिवर्तन, समाज के संस्थागत ढांचे में महिला सशक्तिकरण, मुक्ति और समानता को स्थान देना आवश्यक है।
वेंकैया नायडू ने कहा कि यह जीवन की सभी महिलाओं माताओं बहन-बेटियों और गृहणियों के लिए उत्सव का समय है, प्रत्येक महिला भद्र, देखभाल करने वाली और दयालु होती है, महिला पूर्णता, कठिन परिश्रम, सक्षम विभिन्न कार्य करने वाली और करुणा की समरूप है और इससे विश्व अधिक मानवीय बना है। उन्होंने कहा कि हमें महिलाओं की हृदय से सराहना के साथ उनका आदर करना चाहिए। वेंकैया नायडू ने कहा कि यद्यपि अतंर्राष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है, लेकिन महिलाओं व लड़कियों को आदर सम्मान देना दैनिक बात होनी चाहिए।
सूचना और प्रसारण मंत्री ने कहा कि महिलाओं को ‘बेटर हाफ’ कहा जाता है, जबकि किसी भी संबंध में महिला ‘बेस्ट हाफ’ है, महिलाएं हमेशा हमारी मित्र, चिंतक और मार्गदर्शक रही हैं। उन्होंने महिलाओं के महत्व की चर्चा करते हुए कहा कि आप एक पुरुष को शिक्षित करते हैं, तो आप एक ही पुरुष को शिक्षित करते हैं और आप एक महिला को शिक्षित करते हैं, तो एक पीढ़ी को शिक्षित करते है। यह पहला अवसर था, जब सूचना मंत्रालय ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाकर्मियों के साथ संवाद किया है। सभी अनुभागों और रैंक की महिलाकर्मियों ने वेंकैया नायडू के साथ संवाद किया और वेंकैया नायडू ने सूचना और प्रसारण मंत्रालय में महिलाकर्मियों के कार्य अनुभव बारे में बातचीत की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]