स्वतंत्र आवाज़
word map

यूपी में संविधान की गरिमा तार-तार-भाजपा

आरोपी मंत्री को मुख्यमंत्री की शह मिलने का आरोप

गायत्री प्रसाद प्रजापति को मुख्यमंत्री करें बर्खास्त

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 6 March 2017 02:27:57 AM

hridaynarayan dixit

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी ने अखिलेश यादव मंत्रिमंडल में बलात्कार के आरोपी मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति की तत्काल बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग की है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता हृदयनारायण दीक्षित ने कहा कि गैर जमानती वारंट के बावजूद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के अपने मंत्री की बर्खास्तगी की सिफारिश राज्यपाल को नहीं किए जाने से साफ सिद्ध हो गया है कि कथित रूप में फरार मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को मुख्यमंत्री का संरक्षण मिल रहा है। भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि मंत्री पर बर्खास्तगी की कार्रवाई न होने से संविधान की गरिमा तार-तार हो रही है।
हृदयनारायण दीक्षित ने एक बयान में कहा कि फरार मंत्री के विदेश भाग जाने की आशंका से केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लुकआउट नोटिस जारी किया है, उनका पासपोर्ट भी निलंबित कर दिया गया है, स्वयं मुख्यमंत्री ने उनसे आत्मसमर्पण की सार्वजनिक अपील की है, जिसका अर्थ साफ है कि मुख्यमंत्री भी उनपर हो रही कानूनी कार्रवाई से परिपूर्ण अवगत हैं, बावजूद इसके कि वे उनकी कैबिनेट के सदस्य बने हुए हैं, मुख्यमंत्री ने उनकी बर्खास्तगी की सिफारिश नहीं की, पुलिस भी सरकार के दबाव में गिरफ्तार करने से कतरा रही है।
गायत्री प्रसाद प्रजापति की तत्काल गिरफ्तारी और मंत्रिमंडल से बर्खास्तगी की मांग दोहराते हुए हृदयनारायण दीक्षित ने दृढ़ता से कहा कि पुलिस की गिरफ्त में न आने का मूल कारण यही है कि मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को मुख्यमंत्री का संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि पांच साल की सपा सरकार में इसी तर्ज पर ढेर सारे आरोपियों को सरकारी संरक्षण मिलता रहा है, अपराधियों को सरकारी संरक्षण ही राज्य की अराजकता का मूल कारण रहा है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा महिमा भी इसी तरह से तहस नहस की गई है, राज्य की जनता इस विधानसभा चुनाव में इसीलिए सपा से अपना हिसाब किताब चुकता कर रही है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]