स्वतंत्र आवाज़
word map

'अकबर नहीं, बल्कि महाराणा थे महान'

पाथेय कण के हल्दीघाटी विशेषांक का लोकार्पण

वामपंथियों ने इतिहास को तोड़ा मरोड़ा-वासुदेव

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 3 March 2017 11:10:04 PM

release of haldighati visheshaank

जयपुर। राजस्‍थान के शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने कहा है कि भारतीय इतिहास को वामपंथियों ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया है, इतिहास में बताया जा रहा है कि अकबर महान थे, जबकि अबतक हुए शोध में सामने आया है कि अकबर नहीं, बल्कि महाराणा प्रताप महान थे, जिन्होंने मुगलों से युद्ध लड़कर आन बान और शान के कड़े संघर्ष का जीवंत कीर्तिमान स्थापित किया। वासुदेव देवनानी शुक्रवार को पाथेय कण पाक्षिक पत्रिका के हल्दीघाटी युद्ध विशेषांक के लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि थे और हल्दीघाटी युद्ध विशेषांक पर अपने विचार प्रकट कर रहे थे। राज्यमंत्री ने सवाल किया कि यदि हल्दीघाटी युद्ध में अकबर विजयी होता तो जीतने के बाद महाराणा प्रताप से छह बार युद्ध क्यों करता? इतिहास गवाह है कि जीते हुए किले पर बार-बार आक्रमण नहीं किया जाता।
वासुदेव देवनानी ने कहा कि भारत महान है और भारत को यूं ही महान नहीं कहा जाता है। उन्होंने कहा कि गांधीजी महान हैं, क्योंकि उन्होंने राष्ट्र के लिए अंग्रेजों से संघर्ष किया। उन्होंने कहा कि सीमा पर प्र्राण न्योछावर करने वाले सैनिक को भी बाद में शहीद का दर्जा दिया जाता है, तो फिर महाराणा प्रताप महान क्यों नहीं हुए? जो मातृभूमि के लिए लड़े वही महान है। शिक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि वामपंथी विचारधारा के लोग निजी स्वार्थ के चलते ही गलत इतिहास लिखते और पढ़ाते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मैकाले तो चाहता था कि हिंदुस्तान में ऐसी युवा पीढ़ी तैयार हो जो केवल क्लर्क बनकर काम करे। उन्होंने जागरुक किया कि हम राष्ट्रविरोधी ताकतों से लगातार लड़ते आ रहे हैं, एक दिन राष्ट्रवादियों की ही जीत होगी, क्योंकि जीत हमेशा सत्य की ही होती है। उन्होंने कहा कि 21 जून को आयोजित विश्‍व योग दिवस भारत को विश्‍वगुरु बनाने की ओर पहला कदम है और 2020 तक भारत विश्‍वगुरु के रूप में स्थापित हो जाएगा।
पाथेय कण के संपादक कन्हैयालाल चतुर्वेदी ने प्रस्तावना रखते हुए कहा कि पाथेय कण समाज जागरण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास है कि समाज को सही शिक्षा एवं दिशा मिले, इसीलिए पाथेय कण में शोध किये गये लेख एवं विचार प्रकाशित किए जाते हैं। इस मौके पर हल्दीघाटी युद्ध विशेषांक की सराहना की गई। विशेषांक में हल्दीघाटी युद्ध से जुड़ी विश्वसनीय सामग्री का समावेश किया गया है और इस निष्कर्ष पर पहुंचा जा सकता है कि विशेषांक पर काफी परिश्रम किया गया है। शिक्षा राज्यमंत्री वासुदेव देवनानी ने हल्दीघाटी युद्ध, महाराणा प्रताप और अकबर पर बड़ा ही सटीक और युवा पीढ़ी के समझने योग्य विश्लेषण प्रस्तुत किया। पाथेय कण संस्थान के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद अरोड़ा ने मुख्य अतिथि वासुदेव देवनानी का साफा पहना कर स्वागत किया। सह सचिव मेघराज ने आगंतुकों का आभार व्यक्त किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]