स्वतंत्र आवाज़
word map

'उत्तराखंड के लिए प्राणों की आहुति याद करें'

बीजेपी सरकार लाकर देवभूमि का भाग्य बदलें-अमित शाह

घनसाली और रामनगर में हुईं विशाल चुनावी रैलियां

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 8 February 2017 04:30:59 AM

bjp president amit shah

देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने घनसाली और रामनगर में विशाल चुनाव रैली को संबोधित किया और उत्तराखंड के विकास के लिए राज्य की जनता का भारतीय जनता पार्टी की दो-तिहाई बहुमत वाली सरकार बनाने का आह्वान किया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है, जो पूरी दुनिया में रहने वाले लोगों के लिए श्रद्धा का केंद्र है और उत्तराखंड का विधानसभा चुनाव देवभूमि के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी विधायक अथवा मुख्यमंत्री को बदलने का चुनाव नहीं है, अपितु देवभूमि के भाग्य को बदलने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक ऐसा उत्तराखंड बनाना चाहती है, जहां पहाड़ का पानी और पहाड़ की जवानी, दोनों पहाड़ के काम आएं। अमित शाह ने जनता से कहा कि वह उत्तराखंड में एक ऐसी सरकार बनाए, ताकि राज्य के युवा रोज़गार के लिए पलायन करने को विवश नहीं हों।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की हरीश रावत सरकार भ्रष्ट है, वह केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार की तरह प्रमाणिक एवं पारदर्शी नहीं है। उन्होंने कहा कि राज्य में अच्छा शासन कांग्रेस नहीं दे सकती, क्योंकि इनके मन में उत्तराखंड की दुर्दशा का कोई दुःख ही नहीं है, कांग्रेसी तो उत्तराखंड को राज्य भी नहीं बनने देना चाहते थे। उन्होंने कहा कि यह भारतीय जनता पार्टी ही थी, जिसने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में प्रस्ताव पारित करके उत्तराखंड राज्य के निर्माण की मांग को स्वीकार किया था। उन्होंने कहा कि यहां के लोग राज्य के निर्माण के लिए प्रदेश की जनता के संघर्ष के दिनों और अनेक प्राणों की आहुति को याद करें, भारतीय जनता पार्टी राज्य के लिए संघर्ष के दिनों में उत्तराखंड की जनता के साथ कंधे-से-कंधा मिलाकर खड़ी रही, उत्तर प्रदेश में रामपुर चौराहे पर दिल दहला देने वाली घटना के वक्त भी भाजपा देवभूमि की जनता के साथ एकजुट रही और उत्तराखंड राज्य के निर्माण को सफल बनाया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड का निर्माण भी तब हुआ जब केंद्र में भारतीय जनता पार्टी की सरकार आई और श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी देश के प्रधानमंत्री बने।
अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही उत्तराखंड को विकास की नई ऊँचाइयों पर ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी को उत्तराखंड की दुर्दशा देखकर दुख है। उन्होंने कहा कि जहां उत्तराखंड में पर्यटन उद्योग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए था, रोज़गार की व्यवस्था करनी चाहिए थी, बिजली का उत्पादन होना चाहिए था, राज्य की जनता की समृद्धि बढ़नी चाहिए थी, वहां आज हर तरफ भ्रष्टाचार, अराजकता और बदहाल क़ानून-व्यवस्था का आलम है। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता सत्ता परिवर्तन करे और भाजपा को एक मौका दे। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि उत्तराखंड की जनता प्रदेश की भलाई के लिए दो तिहाई बहुमत के साथ भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री हरीश रावत पर सरकार बचाने के लिए विधायकों की खरीद-फ़रोख्त का आरोप लगाया और कहा कि ऐसा हमने पहली बार देखा कि किसी प्रदेश का मुख्यमंत्री स्वयं वीडियो के सामने बैठकर विधायकों की खरीद-फरोख्त कर रहा है। उन्होंने हरीश रावत सरकार के विभिन्न घोटालों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की ओर से पहाड़ के गरीब लोगों के लिए भेजे गए चावल को कांग्रेसी खा गए, उत्तराखंड को तहस-नहस करके रख दिया।
अमित शाह ने कहा कि जब उत्तराखंड में भीषण प्राकृतिक आपदा आई थी, तभी नरेंद्र भाई मोदी ने यह तय कर लिया था कि चार धाम यात्रा के लिए एक ऐसी सड़क बनाएंगे, जो श्रद्धालुओं के लिए ही नहीं, बल्कि राज्य के लोगों के लिए भी संबल बनेगी, नरेंद्र मोदी सरकार ने इस वादे को पूरा करने का काम किया है और 12000 करोड़ रुपये की लागत से 900 किलोमीटर का रास्ता विशिष्ट तकनीक से बनाने की शुरुआत कर दी है। अमित शाह ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड वीरों की भी भूमि है, यहां का बच्चा देश की सीमा की सुरक्षा के लिए देश की सेना में अपनी जवानी खपाने के लिए तैयार रहता है। उन्होंने कहा कि 40-40 साल से वन रैंक, वन पेंशन की मांग को लेकर सेना के जवान हर सरकार के सामने गिड़गिड़ाते थे, लेकिन कांग्रेस के माथे पर जूं तक नहीं रेंगती थी। उन्होंने कहा कि 2014 के लोकसभा चुनाव में वादे के अनुसार एक ही साल के अंदर ‘वन रैंक वन पेंशन’ की समस्या ख़त्म कर दी गई। राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनको पता ही नहीं है कि देश में ‘वन रैंक, वन पेंशन' लागू हो गई है। उन्होंने राहुल गांधी पर कड़े प्रहार किए करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की सरकार में 10 वर्ष तक अंतरिक्ष से लेकर पाताल तक 12 लाख करोड़ के घपले-घोटाले हुए हैं, उत्तराखंड की जनता कांग्रेस शासन खत्म कर भाजपा का शासन लाए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]