स्वतंत्र आवाज़
word map

लालकिले में भारत पर्व का भव्य आयोजन

प्रवेश निःशुल्‍क है, लेकिन पहचान पत्र होना जरूरी

26 से 31 जनवरी तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 26 January 2017 12:32:40 AM

red fort

नई दिल्ली। गणतंत्र दिवस 2017 के आयोजन के तहत लालकिले पर 26 से 31 जनवरी के दौरान भारत पर्व का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन का मुख्‍य उद्देश्‍य ‘एक भारत श्रेष्‍ठ भारत’ के विचार को लोकप्रिय बनाना, देशभक्ति की भावना जागृत करना, देश की समृद्ध सांस्‍कृतिक विविधता को बढ़ावा देना और जनसामान्य की व्‍यापक भागीदारी सुनिश्चित करना है। इस कार्यक्रम के लिए पर्यटन मंत्रालय को नोडल मंत्रालय के रूप में नामित किया गया है। आयोजन में गणतंत्र‍ दिवस परेड की झांकी, सशस्‍त्र बलों की स्थिर और चलित बैंड प्रस्‍तुति, फूड-कोर्ट, शिल्‍प मेला, देश के विभिन्‍न क्षेत्रों की सांस्‍कृतिक प्रस्‍तुतियां और सूचना और प्रसारण मंत्रालय की फोटो प्रदर्शनी को प्रदर्शित किया जाएगा।
सांस्‍कृतिक प्रस्‍तुतियों में देशभर के लोकनृत्‍य आदिवासी नृत्‍य और संगीत को शामिल किया गया है। इनमें उत्‍तर क्षेत्रीय सांस्‍कृतिक क्षेत्र के साथ-साथ विभिन्‍न राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सांस्‍कृतिक दलों की प्रस्‍तुतियां दी जाएंगी। फूड-कोर्ट में राज्‍यों और केंद्र शासित प्रदेशों, नेशनल एसोसिएशन ऑफ स्‍ट्रीट वेंडर्स ऑफ इंडिया के 50 स्‍टॉल लगाए गए हैं, जिनमें विभिन्‍न राज्‍यों के व्‍यंजनों के साथ-साथ होटल प्रबंधन संस्‍थान और आईटीडीसी के व्‍यंजनों का लुत्‍फ उठाया जा सकेगा। शिल्‍प मेले में 50 से ज्‍यादा स्‍टॉल लगाए गए हैं, जो देश की हस्‍तशिल्‍प विविधता को प्रदर्शित करेंगे। इसका प्रबंधन राज्‍य सरकारों तथा वस्‍त्र मंत्रालय के हस्‍तशिल्‍प विकास आयुक्‍त के कार्यालय के माध्‍यम से किया गया है।
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ‘मेरा देश बदल रहा है, आगे बढ़ रहा है’ पर एक फोटो प्रदर्शनी प्रदर्शित कर रहा है। भारत पर्व का आयोजन कार्यक्रम का मुख्‍य आकर्षण गणतंत्र‍ दिवस परेड की वह झांकी होगी, जिसे समारोह स्‍थल पर प्रदर्शित किया गया होगा। भारत पर्व आयोजन का उद्घाटन 26 जनवरी को शाम 5 बजे किया जाएगा, जो 26 जनवरी को शाम 5 बजे से रात 9 बजे तक आम जनता के लिए खुला रहेगा। कल 27 जनवरी से 31 जनवरी तक यह दोपहर 12 बजे से रात 9 बजे तक खुला रहेगा। कार्यक्रम में आम जनता को निःशुल्‍क प्रवेश दिया जाएगा, लेकिन प्रवेश के लिए पहचान पत्र साथ में होना जरूरी है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]