स्वतंत्र आवाज़
word map

दिल्ली हाट में मना माघ बीहू उत्सव

बीहू पूर्वोत्तर में फसल कटाई का बड़ा उत्सव

विषय था-मेल मिलाप के जरिए एकीकरण

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 14 January 2017 05:15:20 AM

dr. jitendra singh, celebrations of magh bihu festival

नई दिल्ली। केंद्रीय पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री, प्रधानमंत्री कार्यालय, कर्मिक, जन शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने दिल्ली हाट में माघ बीहू यानी मकर संक्रांति उत्सव को संबोधित किया। समारोह का आयोजन पूर्वोत्तर क्षेत्र का विकास मंत्रालय ने किया था। समारोह का विषय 'मेल मिलाप के जरिए एकीकरण' रखा गया। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि बीहू असम और पूर्वोत्तर के अन्य हिस्सों में फसल कटाई का सबसे बड़ा उत्सव है, यह त्यौहार भारत के नए साल के रूप में देशभर में पोंगल, लोहड़ी और मकर संक्रांति के रूप में भी मनाया जाता है। उन्होंने क्षेत्र के नागरिकों को इस नववर्ष की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि स्‍थानीय कलाकारों के नृत्य भारतीय संस्कृति की विविधता में एकता का प्रतीक हैं।
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास राज्यमंत्री जितेंद्र सिंह ने घोषणा की कि गुवाहाटी, असम में पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास हाऊस परिसर की स्थापना की जाएगी, यह एक ऐसा परिसर होगा, जिसमें बैठक भवन, कांफ्रेंस हाल और अन्य बुनियादी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूर्वोत्तर क्षेत्र के विकास के लिए अनेक उपाय किए हैं। उन्होंने कहा कि पहले पूर्वोत्तर क्षेत्र को राष्ट्र की मुख्यधारा में लाने पर बल दिया जाता था, लेकिन आज शेष भारत को पूर्वोत्तर की संस्कृति और विविधता के करीब लाने पर ध्यान केंद्रित किया जा रहा है। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास पर विशेष बल दे रही है।
डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि पूर्वोत्तर क्षेत्र में सड़क विकास के लिए विशेष कार्यक्रम लागू किया जा रहा है और भारत सरकार विमान एवं रेल संपर्क बढ़ाने को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि संचार सुविधाएं कायम होने से इस क्षेत्र में और ज्यादा निवेश आकर्षित हो सकेगा। इस अवसर पर सूचना और प्रसारण मंत्रालय के गीत और नाटक प्रभाग के कलाकारों ने क्षेत्र के विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य प्रस्तुत किए। सूचना और प्रसारण मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]