स्वतंत्र आवाज़
word map

'प्रभु यीशु का पवित्र संदेश जीवन में उतारें'

कैथेड्रल चर्च में क्रिसमस पर्व में शामिल हुए राज्यपाल

'लोग अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 27 December 2016 05:28:36 AM

christmas festival in cathedral church

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक ने क्रिसमस पर्व पर कैथेड्रल चर्च के ग्राउंड में एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने लोगों को क्रिसमस महापर्व तथा नए साल 2017 की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सुखद संयोग है कि 25 दिसंबर को लखनऊ से सांसद और भारत के प्रधानमंत्री रहे भारतरत्न अटल बिहारी वाजपेयी एवं बनारस हिंदू विश्वविद्यालय के संस्थापकों में से एक भारतरत्न पंडित मदनमोहन मालवीय का भी जन्मदिवस है। राज्यपाल ने कहा कि क्रिसमस विशेषकर ईसाई समुदाय का पर्व होता है, लेकिन भारत में विशेषता है कि सारा समाज इकट्ठा होकर सभी धर्मों के पर्व एक-दूसरे के साथ मिलजुलकर मनाते हैं, यही सर्वधर्म समभाव का परिचायक है।
राज्यपाल राम नाईक ने कहा कि कैथेड्रल चर्च में क्रिसमस समारोह में वे तीसरी बार आए हैं, जब भी वे यहां आते हैं या इस रास्ते से गुज़रते हैं तो उन्हें मुंबई की याद आ जाती है, मुंबई के ईसाई समुदाय के लोगों से उनका विशेष लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि 1994 में जब उन्हें कैंसर हुआ था तो मुंबई के चर्चों में उनके स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना की गई थी और मुंबई के बिशप फादर डिब्रेटो ने उनके लिए वेटिकन सिटी रोम में विशेष प्रार्थना की थी, जिससे उन्हें स्वास्थ्य लाभ हुआ था। उन्होंने कहा कि दुःख बांटने से कम होता है और सुख बांटने से बढ़ता है। उन्होंने कहा कि इससे स्नेह, प्रेम और शांति की व्यावहारिकता समझ में आती है। राम नाईक ने कहा कि 1950 में भारत का संविधान लागू हुआ, जिसने समस्त भारतवासियों को समान अधिकार दिए, भारत में सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान होता है, यहां नागरिकों में अपने धर्म के साथ दूसरों के धर्म का सम्मान करने का भी संदेश मिलता है।
राम नाईक ने कहा कि प्रभु यीशु ने कहा था कि परमेश्वर सबका पिता है और हम उसकी संताने अर्थात सभी आपस में भाई हैं, जो पवित्र संदेश प्रभु यीशु ने दिया है, उसे अपनाते हुए व्यावहारिक जीवन में भी उतारें। उन्होंने कहा कि सुख-शांति, सद्भावना, भाईचारे, दया, करूणा, क्षमा, आपसी सौहार्द, प्रेम एवं एकता-अखंडता का वातावरण सृजित हो, ऐसा संकल्प हमें लेना है। दुनिया के सभी धर्म लोगों को प्रेम, करूणा, दया एवं इंसानियत का संदेश देते हैं और उनके सुखद जीवन का मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने कहा कि एकता का निर्माण करने का दायित्व हम सबका है। राज्यपाल ने कहा कि 2017 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा के चुनाव होंगे, मतदाता संविधान के दिए गए मतदान के अधिकार का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि मतदाताओं को योग्य प्रतिनिधि एवं योग्य सरकार चुनने का अधिकार है, इसलिए अधिक से अधिक मतदान करें।
राज्यपाल ने बताया कि 2012 के विधानसभा चुनाव में 12.74 करोड़ मतदाता थे, जिसमें केवल 59.52 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था तथा 2014 के लोकसभा चुनाव में 13.88 करोड़ मतदाताओं में केवल 58.27 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया, जिसका मतलब यह है कि करीब 40 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान नहीं किया। उन्होंने कहा कि ज्यादा से ज्यादा मतदान हो और सभी लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिए लोगों में जागरुकता की आवश्यकता है। कार्यक्रम में लखनऊ के महापौर डॉ दिनेश शर्मा, मौलाना कल्बे सादिक, पूर्व मंत्री डॉ अम्मार रिज़वी, सिटी मांटेसरी स्कूल के अध्यक्ष जगदीश गांधी, विधानपरिषद सदस्य पीटर पैंथम, फादर सेंट जोसेफ कैथेड्रल चर्च, फादर डोनाल्ड एचआर डिसूजा, डॉ जिराल्ड जे मथाईस, फादर रोनाल्ड डिसूजा, फादर राबर्ट मोंटेरो और विभिन्न धर्मगुरू भी उपस्थित थे। समारोह में सेंट जोजेफ कैथेड्रल ने क्रिसमस कैरॉल, सेंट फ्रांसिस स्कूल के दिव्यांग बच्चों ने नृत्य तथा क्रिसमस के विशेष गीत प्रस्तुत किए।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]