स्वतंत्र आवाज़
word map

दुनियाभर में ‌क्रिसमस पर्व की धूम!

गिरिजाघरों में हैं विशेष कार्यक्रम और प्रार्थनाएं!

राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री की बधाई एवं शुभकामनाएं!

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 24 December 2016 05:47:09 AM

happy christmas

नई दिल्ली। दुनिया के लिए महापर्व के रूप में विख्यात, प्रेम एवं करुणा के प्रतीक प्रभु यीशु मसीह के जन्मदिन क्रिसमस डे की दुनियाभर में धूम है। क्रिसमस की पूर्व संध्या से ही दुनियाभर के चर्च यीशु मसीह का जन्मदिन मनाने के लिए नीली-हरी रंग-बिरंगी रौशनियों से जगमगा रहे हैं। भारत में विभिन्न प्रांतों और क्षेत्रों में ईसाई मिशनरी स्कूलों और संस्‍थाओं में विशेष प्रार्थनाओं और कार्यक्रमों का आयोजन चल रहा है। प्रभु के संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं और यरूशलम तो प्रभु के जन्मदिन के जश्न में कई दिन से जाग रहा है। भारत के राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी, उपराष्ट्रपति मोहम्मद हामिद अंसारी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने क्रिसमस की पूर्व संध्‍या पर भारत के सभी नागरिकों और दुनिया के लोगों एवं देशों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
राष्‍ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने एक संदेश में कहा है कि क्रिसमस के पावन अवसर पर मैं भारत एवं विदेशों में रहने वाले अपने सभी नागरिकों को क्रिसमस की हार्दिक बधाइयां और शुभकामनाएं देता हूं। राष्ट्रपति ने कहा कि ईश्‍वर क्रिसमस का हमारे दिलों में प्रेम एवं करुणा के रूप में संचार करे, प्रभु ईसा मसीह की दैवीय शिक्षा मानवता के कल्‍याण के लिए हमें अपना सर्वश्रेष्‍ठ योगदान देने के लिए प्रेरित करे। उपराष्‍ट्रपति मोहम्‍मद हामिद अंसारी ने क्रिसमस के पावन अवसर पर देश के नागरिकों को बधाई दी है। उपराष्‍ट्रपति ने अपने संदेश में कहा है कि क्रिसमस मानवता के कल्‍याण के लिए प्रभु ईसा मसीह के सिखाएं गए करुणा एवं क्षमा के मूल्‍यों में हमारे विश्‍वास की पुष्टि करता है। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि ईश्‍वर करे कि यह त्‍योहार हमारे जीवन में शांति, सद्भाव और प्रसन्‍नता लाए। उत्तर प्रदेश के राज्यपाल राम नाईक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने क्रिसमस पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई दी है। बधाई संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु ईसा मसीह ने मानवता के कल्याण के लिए करुणा, सेवा, क्षमा और शांति का जो संदेश दिया है, वह वर्तमान परिस्थितियों में और अधिक प्रासंगिक हो गया है। उन्होंने कहा कि प्रभु ईसा मसीह का जन्मदिन जरूरतमंदों की मदद करने का संदेश भी देता है।
उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ कष्णकांत पाल ने उत्तराखंड के सभी नागरिकों को क्रिसमस की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने इस पर्व की पूर्व संध्या पर अपने संदेश में कहा है कि मानवसेवा के लिए समर्पित प्रभु यीशु का जन्म दिवस, हमें सेवा, त्याग तथा करूणा जैसे मानवीय गुणों को अपने व्यवहार में अपनाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज में एक बेहतर वातावरण बनाने के लिए प्रेमभाव व सहयोग की भावना के साथ अपनी उमंग व खुशियों को बांटने, विशेष रूप से कमजोर व लाचार वर्ग के कल्याण के लिए प्रभु यीशु की सीख को अपने चरित्र का हिस्सा बनाने की आज और अधिक जरूरत है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]