स्वतंत्र आवाज़
word map

भारत और नेपाल में संयुक्त सैन्य अभ्यास

दोनों देशों में इससे रक्षा एवं सुरक्षा में मजबूती-सेना

नेपाल में 13 नवंबर तक चलेगा सैन्य अभ्यास

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 2 November 2016 01:15:26 AM

india and nepal joint military exercises

सलझंडी (नेपाल)। भारत-नेपाल संयुक्त सैन्य अभ्यास सूर्य किरण-10 का नेपाल के सलझंडी में नेपाल आर्मी बैटल स्कूल में शुभारंभ हुआ। भारत-नेपाल के मध्य चलने वाला यह सैन्य अभ्यास 13 नवंबर तक चलेगा। सैन्य अभ्यास-सूर्य किरण एक छमाही सैन्य अभ्यास है, जो बारी-बारी से भारत एवं नेपाल में आयोजित किया जाता है। भारत के इस तरह के सैन्य अभ्यास अन्य कई देशों के साथ भी होते हैं। सूर्य किरण सैन्य अभ्यास नेपाल के साथ आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में दोनों देशों के सैनिक भाग लेते हैं। भारतीय सेना की ओर से सर्वोत्कृष्ट कुमॉऊ रेजिमेंट की सैन्य टुकड़ियां इसमें प्रतिनिधित्व कर रही हैं, जबकि नेपाल सेना की ओर से जबर जंग बटालियन सैन्य अभ्यास में शामिल हैं।
भारत-नेपाल सैन्य अभ्यास का उद्देश्य पर्वतीय क्षेत्रों में बटालियन स्तर के संयुक्त सैन्य अभ्यास में आतंकवाद विरोधी सैन्य ऑपरेशन के बारे में जानकारी आदान-प्रदान करना है। भारत-नेपाल सैन्य प्रशिक्षण में आपदा प्रबंधन को भी शामिल किया गया है। भारतीय सेना के प्रवक्ता का कहना है कि बटालियन स्तर के इस संयुक्त सैन्य अभ्यास से भारत-नेपाल के मध्य रक्षा सुरक्षा संबंधों में मजबूती आएगी और आपसी सौहार्द भी बढ़ेगा, भारत-नेपाल की सैन्य टुकड़ियों के लिए यह एक बहुत ही अच्छा मौका है कि वे इस प्रशिक्षण से संबंधित अपने-अपने अनुभवों को साझा करें। यह सैन्य अभ्यास भारत-नेपाल के बीच परंपरागत दोस्ती को और भी अधिक मजबूत बनाने में सहायक सिद्ध होगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]