स्वतंत्र आवाज़
word map

पूर्वोत्तर पर पहली कॉफी टेबल बुक

राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने किया विमोचन

पूर्वोत्तर में हुआ दो साल में भारी विकास

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 22 September 2016 06:05:13 AM

first coffee table book on northeast

नई दिल्ली। केंद्रीय पूर्वोत्तर विकास मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री और पूर्वोत्तर परिषद के अध्यक्ष, प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, जन शिकायत, पेंशन, परमाणु ऊर्जा एवं अंतरिक्ष राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने पूर्वोत्तर परिषद की पूर्वोत्तर पर प्रकाशित पहली कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया। पुस्तक में 180 पृष्ठ हैं, जिसमें मुख्यरूप से पूर्वोत्तर के कई क्षेत्रों के चित्र और दृश्यात्मक विवरण हैं, इसमें भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और एनईसी के चेयरमैन के तौर पर डीओएनईआर मंत्री और साथ ही पूर्वोत्तर के सभी आठ राज्यों के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों के संदेश हैं।
डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि इन दो साल में पूर्वोत्तर में विकास कार्यों में तेजी आई है, जिसकी वजह यह है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद इसमें खासी दिलचस्पी ले रहे हैं, इसका प्रमाण यह है कि 40 साल के दौरान नरेंद्र मोदी से पहले किसी प्रधानमंत्री ने एनईसी के मुख्यालय शिलांग में हुई बैठक में भाग नहीं लिया, नरेंद्र मोदी ने एनईसी के 65वें सत्र को संबोधित किया था। डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि वह मानते हैं कि भारत की ‘पूर्व की ओर देखो नीति’ को ज्यादा प्रभावी बनाने की जरूरत है, हम अपनी पूर्वी सीमाओं को मजबूत और प्रभावी बनाएंगे। इस संबंध में उन्होंने बांग्लादेश से त्रिपुरा तक के निर्माणाधीन रेल लिंक का उल्लेख किया, जिसे भारतीय सीमा में डीओएनईआर अगरतला से कोलकाता तक बना रहा है।
डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार ने बांग्लादेश के साथ भूमि सीमा समझौता किया है, जो बांग्‍लादेश की स्‍वतंत्रता के बाद ही पिछले 45 साल से लंबित था। उन्होंने कहा कि इससे न सिर्फ पूर्वी सीमाओं पर यात्रा करना आसान हुआ है, बल्कि इससे द्विपक्षीय व्यापार और कारोबार को भी फायदा हो रहा है। राज्यमंत्री डॉ जितेंद्र सिंह ने बताया कि 3 अक्टूबर 2016 से गुवाहाटी और आइजोल एवं गुवाहाटी और सिलचर के बीच नई उड़ानें शुरू हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि नगालैंड में दीमापुर से नई दिल्ली तक पहली उड़ान पहली अप्रैल 2015 से शुरू की गई थी, इसके अलावा मौजूदा सरकार ने आइजोल की पहली उड़ान भी शुरू कर दी है।
डॉ जितेंद्र सिंह ने कहा कि जहां अरुणाचल प्रदेश और मेघालय भारत के रेल मैप में उभरकर सामने आए हैं, वहीं अगले कुछ साल में पूर्वोत्तर में व्यापक ब्रॉड गेज रेल ट्रैक देखने को मिलेंगे। सिक्किम ने देश के पहले ‘जैविक राज्य’ बनने की उपलब्धि हासिल की है और यह देश का पहला 100 प्रतिशत स्वच्छ राज्य बना है। डॉ जितेंद्र सिंह ने केंद्रीय शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू की स्मार्ट सिटी की नई सूची पर संतोष जाहिर किया है, जिसमें पूर्वोत्तर के दो शहरों को जगह मिली है, इसमें नगालैंड का कोहिमा और सिक्किम का नामची शामिल है। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि पूर्वोत्तर ने ये सभी उपलब्धियां एनडीए ने दो साल में हासिल की हैं, जिनके बारे में कॉफी टेबल बुक में बताया गया है। इस अवसर पर संसद सदस्य रमन डेका और जितेंद्र चौधरी, डीओएनईआर सचिव नवीन वर्मा, एनईसी सदस्य सीके दास, एनईसी सचिव राम मुवाह, केंद्रीय डीओएनईआर मंत्रालय और एनईसी के संयुक्त सचिव और वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]