स्वतंत्र आवाज़
word map

तीन राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति

नजमा और जगदीश मुखी को भी मिला राजभवन

जल्द ही और भी ऐसे ही बड़े फैसलों की उम्मीद

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 17 August 2016 04:40:48 AM

dr. najma a. heptulla

नई दिल्ली। भारत गणराज्य के तीन राज्यों मणिपुर, पंजाब और असम एवं केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में नए राज्यपालों एवं उप राज्यपाल की नियुक्ति की गई है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने नियुक्तियां जारी कर दी हैं, जो उनके पदभार की तिथि से लागू होंगी। राष्ट्रपति की अधिसूचना के अनुसार बनवारीलाल पुरोहित को असम का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि कुछ समय पहले तक केंद्रीय अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री रहीं डॉ नजमा ए हेपतुल्ला की मणिपुर के राज्यपाल के पद पर नियुक्ति की गई है। वीपी सिंह बदनोर को पंजाब का राज्यपाल बनाया गया है, जबकि दिल्ली के भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर जगदीश मुखी को केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उप राज्‍यपाल बनाया गया है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अभी तक लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) एके सिंह उप राज्यपाल रहे हैं।
नजमा हेपतुल्ला मणिपुर की 18वीं राज्यपाल होंगी। मेघालय के राज्यपाल वी शंगमुखनाथ 30 सितंबर 2015 से मणिपुर के राज्यपाल का काम देख रहे थे। मणिपुर में अगले साल फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं। बताते हैं कि 75 वर्ष से ज्यादा उम्र होने के कारण नजमा हेपतुल्ला को 12 जुलाई 2016 को मंत्रिमंडल से इस्तीफा देना पड़ा था। ज्ञातव्य है कि अगले साल जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उनमें पंजाब और मणिपुर राज्य भी शामिल हैं। सुना जा रहा है कि कुछ और महानुभावों की राज्यपाल के रूप में नियुक्ति होने जा रही है, जिनमें उत्तर प्रदेश के मंत्री और लखनऊ लोकसभा क्षेत्र से सांसद रहे लालजी टंडन का नाम प्रमुखता से लिया जा रहा है। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव के दृष्टिगत ऐसे ही कुछ और राजनीतिक फैसले जल्द सुनने को मिल सकते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]