स्वतंत्र आवाज़
word map

बिहार के कृषि विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा

बिहार के किसानों को एक बड़ा उपहार-केंद्रीय कृषिमंत्री

बिहार की जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Friday 13 May 2016 04:51:29 AM

bihar agricultural university logo

नई दिल्ली/ पटना। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा है कि पूसा समस्तीपुर में डॉ राजेंद्र कृषि विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय का दर्जा मिलने से बिहार की जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के लोगों का एक बड़ा सपना पूरा कर दिया है। संसद ने कल डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय विधेयक-2015 को अपनी मंजूरी दे दी है। पहले राज्यसभा ने और फिर लोकसभा ने ध्वनिमत से इस विधेयक को पारित कर दिया, जिसके बाद में राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने इस पर हस्ताक्षर किए।
कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री राधामोहन सिंह ने कहा कि केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय राज्य के लोगों के लिए शानदार तोहफा है, अब इस विश्वविद्यालय को डॉ राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के नाम से जाना जाएगा, यह राज्य का पहला और देश का दूसरा केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय है। उन्होंने कहा कि इस विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा दिलवाने के लिए पिछले सात वर्ष से प्रयास हो रहे थे, इस विश्वविद्यालय को केंद्रीय दर्जा मिलने से अब बिहार में महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय मोतिहारी के साथ दो बड़े केंद्रीय विश्वविद्यालय दो वर्ष के अंदर खोलकर केंद्र सरकार ने बिहार वासियों को सबसे बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य एवं भारत सरकार के बीच 2009 से चल रहे विवाद का विराम भी हो गया और किसानों को एक बड़ा उपहार भी मिल गया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]