स्वतंत्र आवाज़
word map

बुद्ध पूर्णिमा पर होगा राष्ट्रीय उत्सव

संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय की जोरदार तैयारी

डॉ महेश शर्मा ने की आयोजन समिति की बैठक

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 7 May 2016 05:32:42 AM

dr. mahesh sharma's meeting of the organizing committee

नई दिल्ली। अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध पूर्णिमा दिवस समारोह को लेकर संस्कृति और पर्यटन मंत्रालय में स्वतंत्र प्रभार तथा नागर विमानन राज्यमंत्री डॉ महेश शर्मा की अध्यक्षता में आयोजन समिति की बैठक हुई। बैठक में गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू, संस्कृति मंत्रालय में सचिव एनके सिन्हा और समिति के गणमान्य सदस्य उपस्थित थे। बुद्ध पूर्णिमा या वेसक वैशाख की पूर्णिमा को भगवान बुद्ध के जन्म एवं निर्वाण दिवस के रूप में मनाई जाती है। लुंबिनी, जो कि वर्तमान में नेपाल में है, में भगवान बुद्ध का जन्म हुआ था। उन्होंने बिहार के बौधगया में संबोधि प्राप्ति की। ज्ञान प्राप्ति के बाद भगवान बुद्ध ने अपना प्रथम उपदेश सारनाथ में दिया था, इसे धर्म चक्र प्रवर्तन कहा जाता है। कुशीनगर में उन्होंने महापरिनिर्वाण की अवस्था को प्राप्त किया।
डॉ महेश शर्मा ने कहा कि इन ऐतिहासिक अवसरों ने मानव सभ्यता की धार्मिक और आध्यात्मिक दिशा को परिवर्तित किया है, इनको जश्न के तौर पर मनाने के लिए यह जरूरी है कि बुद्ध पूर्णिमा को उपयुक्त ढंग से मनाया जाए, इसलिए इस शुभ अवसर को फिर से 21 मई 2016 को भव्य तरीके से मनाने का प्रस्ताव है, इससे न सिर्फ भारतीय चेतना में बुद्ध की शिक्षाओं का समावेश करने में मदद मिलेगी, बल्कि दुनिया की नज़रों में भारत के उस ऐतिहासिक दर्ज की पुष्टि होगी, जहां बुद्ध धर्म की उत्पत्ति हुई और जहां बुद्ध ने संबोधिप्राप्ति, धर्मचक्र प्रवर्तन और महापरिनिर्वाण को प्राप्त किया।
राज्यमंत्री ने बताया कि बीते वर्ष नई दिल्ली में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय बुद्ध पूर्णिमा दिवस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की थी कि आगे से बुद्ध पूर्णिमा को भारतीय कैलेंडर में एक राष्ट्रीय उत्सव के रूप में प्रमुख स्थान मिलेगा। डॉ महेश शर्मा की अध्यक्षता में एक आयोजन समिति गठित की गई है। इस समति में गृह राज्यमंत्री किरेन रिजिजू और मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा सह-अध्यक्ष होंगे। अंतर्राष्ट्रीय बुद्ध परिसंघ के महासचिव वेन लामा लोबजैंग, जोकि एक वैश्चिक बौद्ध संस्था है और जिसका मुख्यालय दिल्ली में है, भारत में बौद्ध परंपराओं के प्रचार-प्रसार में संयोजक होंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]