स्वतंत्र आवाज़
word map

'कांग्रेस को हटाकर भाजपा को नेतृत्व दें'

असम को पीने का पानी भी न दे सकी कांग्रेस-शाह

भाजपा का असम में चुनाव अभियान तेज़

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 26 March 2016 03:04:38 AM

bjp president amit shah in sibsagar

दिसपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने असम के शिवसागर और सोनारी में विशाल जनसभाओं को संबोधित किया और असम की जनता से राज्य की भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार को जड़ से उखाड़कर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में एक मजबूत और विकसित असम के नवनिर्माण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश में लगभग 55 साल तक कांग्रेस का शासन रहा और इससे भी अधिक समय तक उसने असम में शासन किया है, पिछले 15 साल से राज्य में कांग्रेस की ही तरुण गोगोई सरकार है, फिर भी असम विकास की दौड़ में काफी पीछे है। उन्होंने कहा कि आखिर क्यों लगातार 10 वर्ष तक असम से ही प्रधानमंत्री रहने के बावजूद असम विकास के दौर में पिछड़ता ही चला गया? उन्होंने कहा कि आजादी के समय जहां असम देश के समृद्ध राज्यों में चौथे स्थान पर था, वहीं अब असम इस सूची में नीचे से चौथे स्थान पर आ गया है, इसके पतन के लिए कांग्रेस और केवल कांग्रेस ही जिम्मेदार है।
अमित शाह ने कहा कि इन 15 वर्ष में देश के भाजपा शासित राज्यों ने विकास की एक नई मंजिल तय की है, विकास को हर गांव तक, हर गरीब तक पहुंचाकर विकास का एक नया मानक स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि प्रगति और भाजपा एक दूसरे के परिचायक हैं, जिस राज्य में भी जनता ने एक बार भाजपा को शासन का मौका दिया, भाजपा वहां बार-बार चुनकर आई है, क्योंकि हम 'सबका साथ-सबका विकास' में यकीन रखते हैं। उन्होंने कहा कि असम में स्थिति यह है कि यहां अभी भी एक करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से नीचे रहने को मजबूर हैं, करीब 42% से अधिक आबादी पीने योग्य पाने से वंचित है, 36% से अधिक घरों तक आज भी बिजली नहीं पहुंची है, माता मृत्यु दर बढ़ती ही जा रही है, महिलाओं पर अत्याचार हो रहे हैं, चाय बागानों में काम करने वाले मेहनतकश लोगों की स्थिति दयनीय है, लेकिन असम की भ्रष्टाचारी कांग्रेस सरकार आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने कहा कि यदि भ्रष्टाचार के क्षेत्र में कोई अवार्ड दिया जाए तो भ्रष्टाचार शिरोमणि का अवार्ड तरुण गोगोई को दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि असम की तरुण गोगोई सरकार भ्रष्टाचार में नंबर एक सरकार है, असम सरकार कभी भी परियोजनाओं के काम पूरा होने की वर्क कम्प्लीशन रिपोर्ट केंद्र को सौंप ही नहीं पाती, वह भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। उन्होंने कहा कि सरकारों को खुद के लिए नहीं, बल्कि जनता की भलाई के लिए काम करना चाहिए, लेकिन असम की तरुण गोगोई सरकार प्रदेश की जनता के कल्याण के बजाय अपनी तिजोरी भरने में लगी हुई है।
कांग्रेस पर हमला करते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि देश में 55 वर्ष के शासन के बावजूद कांग्रेस देश की सीमाओं को सुरक्षित नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि असम, बांग्लादेशी घुसपैठियों की समस्या से त्रस्त है, बांग्लादेशी घुसपैठिए असम के युवाओं की रोज़गारी छीन लेते हैं। उन्होंने आश्वस्त करते हुए कहा कि यदि असम की जनता के आशीर्वाद से प्रदेश में भाजपा-नीत राजग सरकार बनती है तो असम में होने वाली बांग्लादेशी घुसपैठ पर शत-प्रतिशत रोक लगेगी। अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकास के प्रति समर्पित और भ्रष्टाचार विहीन शासन देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार गरीबों, दबे-कुचलों और आदिवासियों की सरकार है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को गरीबी से मुक्ति दिलाने के लिए कई लोक-कल्याणकारी योजनाएं चलाई है, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए वरदान साबित हुई है, गरीबों को स्वास्थ्य सुरक्षा देने के उद्देश्य से केंद्र की भाजपा सरकार ने देश के गरीबों को एक लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा देने का ऐलान किया है, साथ ही तीन हजार सस्ती दवाओं की दुकाने खोलने का भी प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि डेढ़ करोड़ से भी ज्यादा गरीब घरों में मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचाने का काम जोरों पर है, गरीबों को बेहतर रेल सुविधा देने के उद्देश्य से ट्रेनों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय कोच लगाने का निर्णय लिया गया है तथा मुद्रा बैंक के माध्यम से देश के लाखों गरीब युवाओं को रोज़गार मिला है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि असम के विकास के लिए भी कई सारी योजनाओं पर एक साथ काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि असम को बाढ़ से मुक्ति दिलाने के लिए एक वैज्ञानिक तरीके से बाढ़-नियंत्रण प्रोग्राम का खाका खींचा जा चुका है, रेल तथा राजमार्गों का जाल बिछाया जा रहा है, साथ ही अन्य योजनाओं पर भी काम तेज गति से प्रगति पर है। अमित शाह ने कहा कि असम एक बेहतर संभावनाओं वाला प्रदेश है, लेकिन जरूरत इस बात की है कि असम में राज्य के विकास के लिए समर्पित सरकार का गठन हो और वह सरकार सही दिशा में सही सोच के साथ काम करे और प्रदेश में एक भ्रष्टाचार विहीन शासन दे सके। उन्होंने कहा कि यदि ऐसा होता है तो असम को देश का सबसे समृद्ध प्रदेश बनने से कोई नहीं रोक सकता। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी असम के लिए बहुत कुछ करना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए राज्य में केंद्र की योजनाओं को जमीन पर उतार कर प्रदेश को विकास के पथ पर गतिशील करने वाली सरकार की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि प्रदेश में सर्वानंद सोनोवाल के नेतृत्व में भाजपा गठबंधन की सरकार बनती है तो चाय बागानों में काम करने वाले मेहनतकश लोगों के जीवन में सुधार लाने के लिए कार्य किए जाएंगे, राज्य को भ्रष्टाचार और बांग्लादेशी घुसपैठियों से मुक्ति मिलेगी तथा प्रदेश विकास के पथ पर तेजी से गतिशील होगा।
अमित शाह ने असम की जनता का आह्वान करते हुए कहा कि आपने 15 साल तरुण गोगोई को दिया, दस साल केंद्र में कांग्रेस को दिया, लेकिन असम विकास से कोसों दूर रहा, आप एक मौका भाजपा गठबंधन को दीजिए, मैं आपको गारंटी देता हूं कि हम असम को देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदेश बनाकर दिखाएंगे। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आप सर्वानंद सोनोवाल को जिताइए, असम में सर्वत्र आनंद ही आनंद आएगा, हम यहां की जनता की आशाओं और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए कटिबद्ध हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]