स्वतंत्र आवाज़
word map

'आंध्र प्रदेश को भाजपा का गढ़ बनाएं'

राजमहेंद्रजवरम में अमित शाह की विशाल जनसभा

'कांग्रेस ने हमेशा आंध्र प्रदेश का अपमान ही किया है'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 7 March 2016 12:35:36 AM

amit shah

राजमहेंद्रजवरम (आंध्र प्रदेश)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने आंध्र प्रदेश के राजमहेंद्रजवरम में भाजपा की विशाल जनसभा में भाजपा कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे आंध्र प्रदेश को भारतीय जनता पार्टी का मजबूत गढ़ बनाएं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो आंध्र प्रदेश का अपमान किया है, कांग्रेस को राजनीति करनी है तो वह चुनावी मैदान में आए। अमित शाह ने कहा कि संसद राजनीतिक अंक बटोरने के लिए नहीं, बल्कि देश का विकास और गौरव बढ़ाने के लिए है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार पोलावरम सहित आंध्र की सभी परियोजनाओं और आंध्र प्रदेश के चहुमुंखी विकास के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आंध्र प्रदेश के विकास के लिए 1,40,000 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाएं दी हैं। अमित शाह ने कहा कि जेएनयू में कुछ युवाओं ने देश विरोधी नारे लगाए, इसको कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अभिव्यक्ति की आजादी कहते हैं, क्या यह अभिव्यक्ति की आजादी है या देशद्रोह है?
अमित शाह ने रविवार को जनसभा संबोधित करते हुए आंध्र प्रदेश के विकास के लिए मोदी सरकार की योजनाओं का ब्यौरा दिया और भाजपा कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और बूथ-बूथ पर जाकर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने आंध्र प्रदेश की 25 में से 17 लोकसभा सीटों पर एनडीए को जिताने के लिए जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हमारे विरोधी डेढ़ साल से दुष्प्रचार कर रहे हैं कि केंद्र और राज्य में एनडीए की सरकारें हैं और वे यहां पर विकास नहीं होने देती हैं। अमित शाह ने पोलावरम परियोजना पर कांग्रेस से सवाल किया कि जब कानून बना तब किसकी सरकार थी? उस समय कांग्रेस की सरकार थी और अगर भाजपा कानून में संशोधन नहीं करती तो पोलावरम परियोजना असंभव थी। उन्होंने कहा कि आज पोलावरम पूरा हो रहा है तो इसलिए कि नरेंद्र मोदी सरकार ने कानून में संशोधन किया, पोलावरम को केंद्रीय परियोजना घोषित करने का काम भी मोदी सरकार ने ही किया है। अमित शाह ने कहा कि पोलावरम परियोजना पूरे आंध्र प्रदेश की जीवनरेखा है, अगर कोई यह समझता है कि पूरी परियोजना के पैसे एक ही बजट में या एक ही साल में जारी कर दिए जाएं तो वह जनता को गुमराह कर रहा है।
अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने आंध्र प्रदेश के हर गांव को 24 घंटे बिजली देने की पायलट परियोजना के लिए चयन किया है, इसी प्रकार आंध्र प्रदेश के नेशनल हाइवे के लिए 6,500 करोड़ रुपये, अंतरराज्यीय जल मार्ग के लिए 1,500 करोड़ रुपये, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 37 शहरों में एक लाख 93 हजार लोगों के लिए घर बनाने को धनराशि दी गई है। उन्होंने कहा कि अमृत योजना के लिए आंध्र प्रदेश के 31 शहरों का चयन किया है जो देश में सबसे ज्यादा हैं, काकीनाडा और विशाखापत्तनम का चयन स्मार्ट सिटी के लिए किया गया है, अमरावती में नई राजधानी के निर्माण के लिए 1,500 करोड़ रुपये, नेल्लोर में 3,000 करोड़ रुपये की लागत से कृभको कारखाना और कामधेनु ब्रीडिंग सेंटर, 22,000 करोड़ रुपये की लागत से आंध्र प्रदेश में औद्योगिक पार्क लगाने का फैसला भी मोदी सरकार ने किया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने 3,266 करोड़़ रुपये की लागत से नेवल-एयर स्‍टेशन आंध्र प्रदेश में बनाने, मिसाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट लगाने, मिसाइल टेस्टिंग सेंटर और डिफेंस सिक्यूरिटी स्टाफ ट्रेंनिंग के लिए भी आंध्र प्रदेश का चयन किया गया है, गुंटूर में 1,616 करोड़ रुपये से एम्स, विशाखापत्तनम में 25,000 करोड़ रुपये से एचपीसीएल की रिफाइनरी, वियजनगरम में आदिवासी विश्वविद्यालय, अनंतपुरम में केंद्रीय विश्वविद्यालय और विशाखापत्तनम में पेट्रोलियम यूनिवसिर्टी बनाने के लिए चयन किया गया है, आंध्र प्रदेश के लिए सीपीआर का प्रोजेक्‍ट अलग से मंजूर किया गया है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने मोदी सरकार के डेड़ साल का हिसाब दे दिया है, कांग्रेस नेताओं ने 60 साल में आंध्र प्रदेश के लिए क्या किया इसका हिसाब वे जनता को दें। अमित शाह ने सवाल किया कि कांग्रेस ने 60 साल में क्या किया? कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री को जूते उठाने के लिए मजबूर किया, पैर छूने के लिए मजबूर किया, आंध्र का अपमान किया और ऐसा दिन आया कि आंध्र के सम्मान के लिए एनटी रामाराव को तेलगू देशम पार्टी की स्थापना करनी पड़ी। अमित शाह ने आंध्र के लोगों को आश्वस्त किया कि जब तक मोदी सरकार है, आंध्र का गौरव हमेशा बढ़ता रहेगा और आंध्र को कोई भी अपमानित नहीं कर पाएगा, मोदी सरकार सबका साथ, सबका विकास के सूत्र के साथ आगे बढ़ रही है। संसद के कामकाज में रुकावट डाल रही कांग्रेस पर हमला बोलते हुए अमित शाह ने कांग्रेसी नेताओं से सवाल किया कि संसद बहस के लिए है या नारेबाजी के लिए? संसद विकास के लिए है राजनीतिक अंक बटोरने के लिए? अगर राजनीति करनी है तो चुनाव के मैदान में आइए, भाजपा चुनौती के लिए तैयार है। भाजपा का कार्यकर्ता किसी से डरता नहीं है, दो-दो हाथ कर लीजिए। उन्होंने कहा कि संसद को विकास और देश के गौरव का फोरम बनने दें।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]