स्वतंत्र आवाज़
word map

केरल के सौहार्द से विश्व जुड़ा-राष्ट्रपति

'केरल में मसालों का इतिहास और विरासत के द्वीप'

कोडुंगलुर में मुजिरिस हेरिटेज परियोजना का उद्घाटन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Wednesday 2 March 2016 02:21:47 AM

president pranab mukherjee

कोडुंगलुर (केरल)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा है कि भारत का इतिहास एक दूसरे के प्रति आस्था और मूल्यों के साथ ही मतभेदों को आपसी सम्मान और एकमत से स्वीकार करने का है। राष्ट्रपति ने केरल के कोडुंगलुर में मुजिरिस हेरिटेज परियोजना का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि देश का सबसे बड़ा हेरिटेज संरक्षण प्रोजेक्ट केरल की पहली हरित परियोजना होने के अलावा और भी बहुत कुछ है जिस पर मुजिरिस हेरिटेज परियोजना को गर्व है, चाहे वह पर्यटन का क्षेत्र हो या फिर विरासत के संरक्षण का क्षेत्र। उन्होंने कहा कि केरल में मसालों के इतिहास ने कई ऐतिहासिक और विरासत के द्वीपों का निर्माण किया है, लेकिन पर्यटन का अनुभव हमेशा इससे अलग रहा है।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि इसमें कोई दो मत नहीं हैं कि यह परियोजना भारत और विदेशी पर्यटकों के लिए एक नया गंतव्य स्थान तय करेगी और साथ ही इस क्षेत्र और यहां आने वाले लोगों के बीच जानकारी तथा आर्थिक लाभ के द्वार खोलेगी। राष्ट्रपति ने कहा कि इस इलाके में दो हजार वर्ष से अधिक समय से विभिन्न मत के लोग शांति और सामंजस्य के साथ रहा करते थे। केरल के राजाओं ने विदेशों से आए लोगों के साथ उनके धर्मों यहूदी धर्म, इस्लाम और ईसाई का स्वागत किया। राजाओं ने इन विभिन्न मतावलंबियों को पूजा के लिए भूमि के साथ संरक्षण भी दिया। उन्होंने कहा कि केरल आज देश का ऐसा स्थान है, जहां लोग धर्म परंपराओं की साझेदारी करते हैं। कई गिरजाघरों में हिंदू मंदिरों की तरह झंडा और तेल के दीपक जलते हैं। इसी तरह चेरामन मस्जिद में हमेशा दीपक जलता रहता है।
केरल में सौहार्द और मानवता की चर्चा करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि केरल वर्षों से मानवता के हर क्षेत्र मे परम्पराओं और मूल्यों को आत्मसात करने की अद्भुत क्षमता का प्रदर्शन करता रहा है। सहिष्णुता और उदारता के मामले में केरल के लोग विश्व के लिए उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि मुजिरिस हेरिटेज परियोजना हमारे देश की सबसे बेहतरीन विरासत है, जहां विभिन्न धर्मावलंबी प्रेम और सौहार्द से एक साथ रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह परियोजना हमें हमारी विरासत, परस्पर आदर और विभिन्नता पर खुशी बनाने तथा एक दूसरे की आस्था और मूल्यों को सम्मान देने के इतिहास को याद दिलाती है। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि मुजिरिस हेरिटेज परियोजना विश्व के पर्यटकों को बेहतरीन विरासत पर्यटन के लिए आमंत्रित करती है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]