स्वतंत्र आवाज़
word map

रांची में पहाड़ी मंदिर पर तिरंगा लहराया

रक्षामंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बटन दबाया

रांची में रक्षाशक्ति विश्वविद्यालय का शिलान्यास

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 23 January 2016 05:04:43 AM

ranchi, pahaadee mandir, mountain temple, tiranga

रांची। रांची में विख्यात पहाड़ी मंदिर पर आजसे भारत का विश्व में सबसे बड़ा तिरंगा झंडा लहराने लगा है। केंद्रीय रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने एक समारोह में आज जैसे ही बटन दबाया, रांची में पहाड़ी मंदिर पर भारत का विश्व में सबसे बड़ा तिरंगा झंडा अपनी आन बान और शान से लहराने लगा। इस मौके पर रक्षामंत्री ने कहा कि झारखंड ने देश को बहुत कुछ दिया है, देश को लगभग 40 प्रतिशत खनिज झारखंड से ही मिलता है, पर इस राज्य का अपेक्षित विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि लेकिन अब समय ने करवट ली है और झारखण्ड तीव्रगति से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि हमें खुशी है कि जिस धरती पर परमवीर चक्र विजेता अलबर्ट एक्का पैदा हुए हैं, वहां झारखंड रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय की स्थापना हो रही है। उन्होंने झारखण्ड में बनने वाले देश के तीसरे रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया और कहा कि वे इसकी हर प्रकार की मदद करेंगे।
बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में विश्व का सबसे बड़ा और भारत का सबसे ऊंचा तिरंगा झंडा लहराते हुए रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर ने अपने उद्गार व्यक्त किए। समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास और राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने भी झंडा लहराने वाला बटन दबाया। राष्ट्रीय ध्वज की विशालता से झारखण्ड की छोटी सी राजधानी रांची विश्व पटल पर छा गयी। अभी गणतंत्र दिवस आने में तीन दिन शेष हैं पर रांचीवासियों ने आज से ही खुद को गणतंत्र दिवस के रंग में रंगना शुरु कर दिया। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती ने उनके उत्साह को और दुगना कर दिया है। रांचीवासियों के अपने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति इस अद्भुत प्रेम को देख रक्षामंत्री अभिभूत हो गए। उन्होंने कहा कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 119वीं जयंती सर पर रांची पहाड़ी मंदिर में सबसे ऊंचा एवं विशाल और सबसे सुंदर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर वे अपने को गौरवांवित महसूस कर रहें।
मुख्यमंत्री रघुवर दास ने झारखंड के लोगों से कहा कि आगामी वित्तीय वर्ष 2016-17 में ही रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय में पढ़ाई शुरु कर दी जाएगी, ताकि यहां के देशभक्त युवा अपने राज्य व देश की रक्षा और सेवा में जुट जाएं। राष्ट्रीय ध्वज को शान से फहरता देख मुख्यमंत्री रघुवर दास गदगद हुए। उन्होंने कहा कि यह पल प्रत्येक झारखंडवासी के लिए गर्व का पल है, हमें संकल्प लेना होगा कि हम अपने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलकर अपने देश को स्वावलंबी, समृद्ध एवं विकसित बनाएंगे, क्योंकि हमें नहीं भूलना चाहिए कि कई क्रांतिकारियों और वीरों ने अपने खून देकर देश को आजादी दिलाई है। मुख्यमंत्री ने रक्षामंत्री मनोहर पर्रिकर को बधाई दी कि वे इस गौरवपूर्ण क्षण के महत्वपूर्ण गवाह बने। स्कूली बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया तथा सेना के जवानों ने बैंड डिस्पले किया। पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री चंद्रप्रकाश चौधरी, स्कूली शिक्षा मंत्री नीरा यादव, सांसद रामटहल चौधरी सांसद, विधायक, गणमान्य नागरिक, बड़ी संख्या में लोग और अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]