स्वतंत्र आवाज़
word map

बिहार में परिवर्तन में सपा ही समर्थ-अखिलेश

औरंगाबाद और रोहतास जिले में सपा की प्रचार सभाएं

यूपी का विकास हो रहा फिर बिहार में क्यों नहीं?

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 12 October 2015 11:51:31 AM

chief minister akhilesh yadav

पटना। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बिहार में राजनीति और सत्ता परिवर्तन में समाजवादी पार्टी ही समर्थ है। आज बिहार के औरंगाबाद और रोहतास जिले के करहगर और गोह विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशियों को जिताने की अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार ने जनहित में तमाम उपलब्धियां हासिल की हैं, तो उन्हें बिहार में भी क्यों नहीं लागू किया जा सकता है? बिहार आज जिन समस्याओं से जूझ रहा है, उनका समाधान डॉ लोहिया, जयप्रकाश नारायण और कर्पूरी ठाकुर की नीतियों तथा समाजवादी रास्ते से ही हो सकता है, इन्हीं के विचारों को मुलायम सिंह यादव ने आगे बढ़ाया है।
अखिलेश यादव की चुनावी सभाओं में आज भारी भीड़ देखने को मिली। औरंगाबाद से रंजन कुमार सिंह, करहगर से रामधनी सिंह तथा गोह से राम अयोध्या प्रसाद यादव समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी हैं। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का इससे पूर्व गया एयरपोर्ट पर भव्य स्वागत किया गया। अखिलेश यादव ने कहा कि उनके राज्य में किसानों, नौजवानों, महिलाओें तथा अल्पसंख्यकों के हित की तमाम योजनाएं सफलतापूर्वक चल रही हैं। उन्होंने बताया कि मुफ्त दवाई, पढ़ाई और सिंचाई की व्यवस्था है, महिलाओं के पक्ष में 108 समाजवादी एंबूलेंस सेवा, 1090 वूमेन पावर लाइन, मेट्रो परियोजना, कामधेनु योजना चल रही है, युवाओं को लैपटाप मिले हैं, सोलर प्लांट लग रहे हैं, पूंजी निवेश हो रहा है, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोज़गार के क्षेत्र में तेजी से प्रगति हुई है, समाजवादी पेंशन से 50 लाख परिवार लाभांवित होंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने केंद्र और बिहार में सत्तारूढ़ दलों पर हमला बोलते हुए उन पर बिहार की जनता के साथ धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि बेहतर बिहार के लिए राज्य में सत्ता परिवर्तन होना चाहिए। अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा चुनाव में फायदा लेने के लिए चुनाव से ऐन पहले केंद्र सरकार ने बिहार को स्पेशल पैकेज दिया, इस पैकेज में बिहार की गरीब जनता, किसानों, मजदूरों के लिए क्या है, यह कोई नहीं जानता। अखिलेश यादव ने सवाल किया कि पिछले तीन साल में उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ने जनता के हित में जितनी कल्याणकारी योजनाएं चलाई हैं क्या नीतीश कुमार की सरकार ने वैसी कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं? उन्होंने कहा कि बिहार में सत्ता परिवर्तन से देश में एक नया राजनैतिक संदेश जायेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश और बिहार एकजुट होकर देश की तकदीर को बदल सकते हैं, अगर उत्तर प्रदेश और बिहार में विकास नहीं होगा तो देश विकास की राह पर बहुत पीछे रह जाएगा। मुख्यमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के मंत्री राजेंद्र चौधरी भी थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]