स्वतंत्र आवाज़
word map

मक्का में भगदड़ से बड़ी जनहानि

शैतान को पत्थर मारने के दौरान हुआ हादसा

भारतीय विदेश मंत्रालय की है घटना पर नज़र

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 24 September 2015 04:56:27 AM

stampede in mecca

मक्का/ नई दिल्ली। पवित्र हज में शैतान को पत्‍थर मारने की अंतिम रस्म निभाते हुए हज यात्रियों में भगदड़ मचने से बड़ी संख्या में यात्रियों की दुखद मौत हो गई है। इस हादसे में घायल हाजियों की संख्या भी बहुत बताई गई है। हताहतों की संख्या अलग-अलग बताई जा रही है। इसी प्रकार बहुतों की हालत गंभीर है। अभी यह पता नहीं चल रहा है कि इनमें कहीं भारतीय तो नहीं हैं। इस हज में यह दूसरा हादसा है, पिछले दिनों मक्का में क्रेन गिरने से भी सौ से ज्यादा हज यात्रियों की मौत हो गई थी। दो दिन पहले ही मुस्लिमों ने मक्का जाना शुरू किया है। मरने वालों और घायलों के सही आंकड़े पता नहीं चल रहे हैं, अलबत्ता जनहानि जबरदस्त सुनी जा रही है।
मक्का में होने वाला यह दूसरा बड़ा हादसा है। गौरतलब है कि 10 सितंबर को मक्का में क्रेन गिरी थी, जिसके चलते बहुत सारे लोगों की मौत हो गई थी और अब भगदड़ मच गई। सऊदी अरब के मक्का में हज यात्रा 26 सितंबर को पूरी की जाएगी और इसी दौरान इस्लाम धर्म के पांच पवित्र खंबों की यात्रा भी की जाएगी। इस बाईस सितंबर को हज की रस्म शुरू हुई थी। पूरी दुनिया से करीब 20 लाख लोग हज यात्रा में शामिल होने के लिए मक्का में मौजूद हैं, साथ ही हज यात्रा भी शुरू हो चुकी है।
कहते हैं कि दरहाग पर आज हज यात्रा के बीच ब्लास्ट होने की खबर से यह बड़ी भगदड़ मची। हज की अदायगी का आज आखिरी दिन है और आज ही मक्का में ईद का भी दिन है। हाजी आज ही के दिन मीना, मुज़दलफा और मैदान-ए-अराफात से वापसी के बाद जुमेरात में शैतान को पत्थर मारने की रस्म अदा करते हैं। शैतान को पत्थर मारने के दौरान हादसे का ये कोई पहला मामला नहीं है, इससे पहले 2006 में इस तरह के हादसे में 200 से ज्यादा लोग मारे गए थे। भारतीय विदेश मंत्रालय घटना पर नज़र रख रहा है।
लखनऊ में उत्तर प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण एवं हज मंत्री मोहम्मद आज़म खां ने आज हज के दौरान मिना (सऊदी अरब) में हुए इस हादसे में हज यात्रियों की मौत पर गहरे रंज-ओ-ग़म का इज़हार किया है। इस बार हज के दौरान हुए दो हादसों में कई हज यात्रियों की मौत को बहुत अफ़सोसनाक बताते हुए उन्होंने कहा कि एक ऐसे मुल्क में जहां हज के दौरान बहुत अच्छे इंतज़ाम किये जाते हैं, वहां इस तरह के हादसे और ज्यादा अफ़सोसनाक हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि अगली बार और बेहतर इंतजाम किए जाएंगे, ताकि इस तरह के हादसों को टाला जा सके और लोगों की बेशकीमती जिंदगी को बचाया जा सके। शोक संदेश में आज़म खां ने इस हादसे में अपनी जान गंवाने वाले लोगों की रूह को सुकून और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]