स्वतंत्र आवाज़
word map

नए सीईसी नसीम ज़ैदी ने कार्यभार संभाला

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 19 April 2015 04:30:47 AM

cec, nasim zaidi

नई दिल्ली। भारत के चुनाव आयुक्त नसीम ज़ैदी ने आज देश के मुख्य चुनाव आयुक्त का पदभार संभाल लिया है। तीन सदस्यीय चुनाव संस्था के नसीम ज़ैदी अकेले सदस्य हैं। फिलहाल निर्वाचन आयोग में दो पद खाली हैं। नसीम जैदी का कार्यकाल जुलाई 2017 तक होगा, जब वह 65 साल के हो जाएंगे। भारतीय प्रशासनिक सेवा के उत्तर प्रदेश काडर के 1976 बैच के अधिकारी नसीम ज़ैदी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के जानसठ कस्बे के रहने वाले हैं। वे उत्तर प्रदेश के कई ‌प्रमुख जिलों में जिलाधिकारी रह चुके हैं और लंबे समय तक भारत के नागर विमानन मंत्रालय में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त एचएस ब्रह्मा के अवकाश ग्रहण करने से यह पद रिक्त हुआ था। एचएस ब्रह्मा इस पद पर मात्र तीन महीने रहे। नस‌ीम ज़ैदी देश के बीसवें मुख्य चुनाव आयुक्त हैं और उनका यह कार्यकाल लंबा होगा। परंपरा के अनुसार उन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है। नसीम ज़ैदी के सामने सबसे बड़ी चुनौती देशभर में मतदाता सूची को नए सिरे से तैयार करने और दोहरी प्रविष्टियों को हटाने और मतदाताओं को आधार नंबर से जोड़ने की होगी। इसी प्रकार उत्तर प्रदेश में 2017 का विधानसभा चुनाव भी इनके कार्यकाल में होगा। फिलहाल उनके सामने बिहार और पश्चिम बंगाल विधानसभा का चुनाव कराना पहली बड़ी चुनौती होगी। ये दोनों चुनाव राजनीतिक हिंसा और कानून व्यवस्‍था की दृ‌ष्टि से अत्यंत संवेदनशील होंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]