स्वतंत्र आवाज़
word map

दक्षिण अफ्रीका पर भारत की शानदार विजय

देश-दुनिया ने माना कि भारत विश्वकप 2015 जीतेगा

राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने टीम का हौसला बढ़ाया

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 23 February 2015 06:47:38 AM

shikhar dhawan

मेलबर्न/ नई दिल्ली। क्रिकेट के विश्वकप में एडिलेड में अपने खास प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को धूल चटाने के बाद भारत ने दक्षिण अफ्रीका का जो भूत बनाया वह सर्वदा याद रहेगा। भारत से ऐसी ही उम्मीद थी और महेंद्र सिंह धोनी की टीम ने दक्षिण अफ्रीका पर जो विजय हासिल की है, वह भी विश्वकप को जीतने के बराबर है। शानदार! अद्भुत!! रविवार को देशभर ने क्रिकेट का भरपूर आनंद लिया। जो लोग टीवी के सामने बैठे थे, उनका वहां से हटने का मन ही नहीं हुआ। शिखर धवन ने क्रीज़ पर अंगद की तरह पैर जमा लिए और भारत को अत्यंत सुरक्षित जोन में पहुंचा दिया। अजिंक्य रहाणे ने भी कमाल कर दिया और कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने लगातार तीन चव्वे मारकर अपनी आक्रामक बल्लेबाज़ी का मजा चखा दिया। दक्षिण अफ्रीका को जिस तरह भारत ने रौंदा है, उससे उसके तेवर जाते रहे हैं। ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत-ऑस्ट्रेलिया सीरीज के कई मैच हारने के कारण लग रहा था कि पता नहीं विश्वकप में क्या होगा, किंतु भारत की टीम ने श्रेष्ठता सिद्ध की है। भारत का विश्वकप पर दावा और मजबूत हो गया है।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जीत के लिए भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमी भारत के खेल से गदगद हो गए। कमेंट्रेटरों के पास शब्द नहीं बचे कि वे भारत की प्रशंसा में क्या कहें। थोड़ा मलाल रोहित शर्मा के जीरो पर रन ऑउट को लेकर हुआ था, किंतु थोड़ी ही देर बाद विराट कोहली और शिखर धवन की जोड़ी ने रोहित शर्मा के रनऑउट की घटना को भुला दिया और क्रिकेट प्रेमी इस जोड़ी की बैटिंग का कमाल देखते रह गए। दक्षिण अफ्रीका को उम्मीद नहीं थी कि भारत मेलबर्न में उसके खिलाफ निडर ‌होकर बैटिंग करेगा और तीन सौ सात रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर देगा। दक्षिण अफ्रीका की यह कमजोरी है कि वह विशाल स्कोर का पीछा नहीं कर पाता और वैसे भी मेलबर्न में वनडे में इतने बड़े स्कोर के सामने वह खड़ा नहीं हो पाया। वास्तव में दक्षिण अफ्रीका की भारत से यह असहनीय हार है, जिसे वह कभी भुला नहीं पाएगा। शिखर धवन इस मैच के मैन ऑफ दी मैच बने।
विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अब तक खेले गए चार मैचों में भारत की यह पहली जीत है। पिछले तीन विश्वकप में भारत दक्षिण अफ्रीका से हारा है और इस बार न केवल भारत जीता, अपितु भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्वकप में अपना सर्वोच्च स्कोर बनाया, जिसका सामना करते हुए दक्षिण अफ्रीका बड़ी पराजय को प्राप्त हुआ। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इससे पहले विश्व कप में उसका सर्वाधिक स्कोर 296 रन था, जो 2011 में उसने नागपुर में बनाया था। इस विश्वकप में मजा आया, जब शिखर धवन ने अपना सातवां वनडे शतक जड़ते हुए 16 चौके और दो छक्के लगाए। जानते हैं? विश्वकप में किसी भी बल्लेबाज का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ यह सर्वोच्च स्कोर है। शिखर धवन ने 2013 चैम्पियंस ट्रॉफी में भी कार्डिफ में खेले गए मैच में इसी टीम के खिलाफ शतक जड़ा था। वाकई में भारतीय शीर्षक्रम ने एक बार फिर उम्दा प्रदर्शन किया।
पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में शतक जमाने वाले विराट कोहली ने इस मैच में 60 गेंद में 46 रन बनाए। अफ्रीकी लेग स्पिनर इमरान ताहिर ने उन्हें शॉर्ट मिडविकेट पर फाफ डु प्लेसिस के हाथों लपकवाया। अजिंक्य रहाणे पाकिस्तान के खिलाफ नाकाम रहे थे, लेकिन इस मैच में उसने बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने शिखर धवन के साथ तीसरे विकेट के लिए 16.3 ओवर में 125 रन की शानदार साझेदारी की। शिखर धवन ने अपनी इस पारी में कई खूबसूरत स्ट्रोक्स लगाए। मजेदार बात बताएं! मेलबर्न ‌शिखर धवन का दूसरा घर है। भारतीय टीम के सदस्यों को पत्नी या प्रेमिका को दौरे पर साथ रखने की मनाही है, मगर शिखर धवन पत्नी और तीन बच्चों के साथ यहीं मेलबर्न में रहते हैं। शिखर को इस मैच में 52 के स्कोर पर झटका लगा था, जब परनेल की गेंद पर बैकवर्ड प्वॉइंट पर हाशिम अमला के हाथ में गेंद आ गई, किंतु उनके हाथ से वह कैच छूट गया। उन्होंने परनेल को ही चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया और हेलमेट उतारकर बल्ला लहराते हुए इसका जश्न मनाया। स्टेडियम में जमा करीब नब्बे हजार दर्शकों में कम से कम सत्तर हजार भारतीय प्रशंसक थे। क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर भी भारतीय टीम की हौसला अफजाई के लिए मेलबर्न पहुंचे थे। भारतीय गेंदबाजों ने उम्दा प्रदर्शन किया। अश्विन और शमी के हाथ अच्छे विकेट लगे। भारत को अब अगला मैच 28 फरवरी को संयुक्त अरब अमीरात से खेलना है। भारत के पास अब पूल की शीर्ष टीम के रूप में क्वार्टर फाइनल में प्रवेश का सुनहरा मौका है।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आईसीसी विश्व विश्वकप 2015 में दूसरी जीत पर भारतीय क्रिकेट टीम को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को भेजे अपने संदेश में कहा है कि आईसीसी विश्वकप 2015 अभियान में दक्षिण अफ्रीका से खेले गए मैच में जीत के लिए आपको और आपकी टीम के सभी सदस्यों को हार्दिक शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि मुझे यह जानकर बड़ी प्रसन्नता हुई है कि विश्वकप में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत की यह पहली जीत है, टीम के प्रत्येक सदस्य के ऑल-राउंड प्रदर्शन के चलते यह संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि बाकी बचे मैचों में निरंतर सफलता के लिए मैं आपको शुभकामनाएं देता हूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्रेष्‍ठ प्रदर्शन, अच्‍छा खेले। उन्होंने कहा कि भारतीय टीम को बधाई, आपने हमें फिर गौरवांवित किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]