स्वतंत्र आवाज़
word map

भारतीय रेलवे का आधुनिकीकरण-मोदी

हजारीबाग-कोडरमा के बीच डीईएमयू ट्रेन सेवा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 21 February 2015 04:43:46 AM

pm narendra modi

रांची। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सरकार भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण और बेहतर सेवा देने की दिशा में कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री कोडरमा-हजारीबाग रेलवे लाइन राष्ट्र को समर्पित करने और हजारीबाग और कोडरमा के बीच डीईएमयू ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रधानमंत्री ने इस परियोजना के लिए जमीन देने वाले किसानों को धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने भविष्य की पीढ़ी के लिए विशाल योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि रेलवे न केवल परिवहन का एक साधन है, बल्कि भारतीय अर्थव्यवस्था की रीढ़ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि झारखंड को अपनी खनिज संपदा के लिए रेल और सड़क संपर्क पर ध्यान देना चाहिए, ताकि यहां समृद्धि आ सके। उन्होंने झारखंड के लोगों से आग्रह किया कि वे राज्य में रेल और सड़कों के निर्माण में पूरा सहयोग दें। प्रधानमंत्री ने 204 कोयला ब्लॉकों का आवंटन रद्द करने के संबंध में सितंबर 2014 में उच्चतम न्यायालय के आदेश का जिक्र किया। उन्होंने इस संबंध में नियंत्रक और महालेखा परीक्षक की टिप्पणी का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इनमें से 40 ब्लॉक झारखंड में हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के आदेश के 4 महीने के भीतर कोयला ब्लॉकों की नीलामी शुरू हो गई। उन्होंने कहा कि 15 कोयला ब्लॉकों की नीलामी से 75,000 करोड़ रूपये मिले हैं।
प्रधानमंत्री ने अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया कि वे भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि गरीबी को परास्त करने के लिए गरीबों को अवसर प्रदान करने की जरूरत है। झारखंड के राज्यपाल सैय्यद अहमद, मुख्यमंत्री रघुवर दास, केंद्रीय रेलमंत्री सुरेश प्रभु, रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा, केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्यमंत्री सुदर्शन भगत और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री जयंत सिन्हा भी इस अवसर पर मौजूद थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]