स्वतंत्र आवाज़
word map

कद्दावर कांग्रेस नेता मुरली देवड़ा नहीं रहे!

मुंबई में घरपर श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा

बहुत समय से कैंसर से पीड़ित थे मुरली देवड़ा

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Monday 24 November 2014 12:05:13 AM

congress leader murli deora not staying!

मुंबई। महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मुरली देवड़ा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। मुरली देवड़ा 77 साल के थे और काफी समय से कैंसर से पीड़ित थे। मुरली देवड़ा 2006 में यूपीए सरकार में पेट्रोलियम मंत्री थे। वे कांग्रेस से राज्यसभा सांसद भी रहे हैं। मुरली देवड़ा फिलहाल राज्यसभा सांसद थे। उन्हें राजनीति का विस्तृत अनुभव था, उन्होंने अपने पुत्र मिलिंद देवड़ा को पहले ही राजनीति में उतार दिया था, जो उनकी सीट से सांसद और यूपीए सरकार में मंत्री भी बने। उनके निधन से मुंबई में शोक है और उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों का तांता लगा है।
मुरली देवड़ा की गिनती कद्दावर नेताओं में होती थी और कांग्रेस में ही नहीं, बल्कि विरोधी दलों के नेता भी उनका सम्मान करते थे, यूं कहें कि सभी राजनीतिक दलों में उनके चाहने वाले थ‌े, तो यह अतिश्योक्‍ति नहीं होगी। मुरली देवड़ा का जन्म 1937 में हुआ और पहली बार 1968 में मुंबई नगर पालिका के पार्षद चुने गए। वे 1977 में मुंबई के मेयर बने और 1982 में कांग्रेस के टिकट पर महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य बने। सन् 1985 में मुरली देवड़ा दक्षिण मुंबई लोकसभा क्षेत्र के लिए चुने गए थे। यूपीए सरकार में वे पेट्रोलियम मंत्री और प्राकृतिक गैस मंत्री भी रहे। उसके बाद उनके बेटे मिलिंद देवड़ा भी यूपीए सरकार में केंद्रीय मंत्री बने थे, जबकि वर्ष 2002 में मुरली देवड़ा राज्यसभा के सदस्य बना दिए गए।
अर्थशास्त्र में स्नातक डिग्रीधारी मुरली देवड़ा 1977 से 78 के बीच मुंबई के मेयर रहे और दक्षिण मुंबई से चार बार लोकसभा के लिए चुने गए। वे इस समय राज्यसभा सदस्य के रूप में अपना तीसरा कार्यकाल पूरा कर रहे थे। मुरली देवड़ा22 साल तक मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष रहे और 70 वर्ष की उम्र को पार करने से कुछ ही समय पहले उन्हें 2006 में केंद्रीय कैबिनेट में शामिल किया गया था। उन्होंने म्यामांर, अल्जीरिया और मिस्र के साथ तेल डिप्लोमेसी को आगे बढ़ाया और सूडान, चाड़, इथियोपिया तथा कोमोरोस के मंत्रियों के साथ व्यापार वार्ताएं भी कीं। मुरली देवड़ा ने नवंबर 2007 में पहली बार भारत-अफ्रीका हाइड्रोकार्बन कांफ्रेंस और प्रदर्शनी की मेजबानी भी की थी। जुलाई 2011 में मुरली देवड़ा संचार और सूचना तकनीक राज्य मंत्री बनाए गए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुरली देवड़ा के निधन पर शोक व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने कहा है कि मुरली देवड़ा एक समर्पित नेता थे और अपने स्नेहिल स्वभाव के कारण सभी दलों के बीच लोकप्रिय थे। उनके निधन की ख़बर दुखद है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुरली देवड़ा के निधन पर देवड़ा परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता की है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे। प्रधानमंत्री कहा कि कल ही मुरली देवड़ा के परिवार से उन्होंने बात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली थी। उन्होंने कहा कि किंतु आज इस दुर्भाग्यपूर्ण ख़बर को सुनकर मुझे बेहद दुख पहुंचा है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]