स्वतंत्र आवाज़
word map

झारखंड का चुनाव अभी से रोमांचक

झारखंड में भाजपा-आजसू का चुनावी गठबंधन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 4 November 2014 03:06:40 AM

रांची। भाजपा और आल झारखंड स्टूडेंट यूनियन (आजसू) ने झारखंड में विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का फैसला किया है। भाजपा के महासचिव भूपेंद्र यादव ने सोमवार को बताया कि दिल्ली में भाजपा के उपाध्यक्ष रघुवर दास, झारखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता अर्जुन मुंडा आजसू के अध्यक्ष सुदेश महतो व चंद्रप्रकाश चौधरी के बीच बातचीत में गठबंधन का स्वरूप तैयार किया गया है। समझौते के तहत 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के लिए आजसू आठ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी और बाकी पर भाजपा चुनाव लड़ेगी। झारखंड में चुनाव कांटे का और रोमांचक ‌स्थिति में पहुंच गया है।
समझौते के अनुसार आजसू के लिए आठ सीटों में से छह सीटों जुगसलाई, चंदनक्यारी, सिल्ली, रामगढ़, लोहरदगा और बरकागांव की पहचान कर ली गई है, बाकी दो सीटों के बारे में दोनों दल आपस में तय करके इनकी घोषणा करेंगे। भूपेंद्र यादव ने इस समझौते को महत्वपूर्ण बताते हुए दावा किया कि झारखंड विधानसभा चुनाव में आजसू के साथ आने से भाजपा को और भी भारी विजय मिलेगी एवं यह गठबंधन पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगा। भाजपा ने झारखंड विधानसभा के लिए जारी अपने उम्मीदवारों की सूची में पांच सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की थी, पिछले चुनाव में तीन अन्य सीटों के अलावा आजसू इन पांच सीटों पर विजयी रही थी। आजसू काफी समय से चुनाव की तैयारियां कर रही है।
आजसू पहले भी झारखंड में भाजपा नीत गठबंधन सरकार का हिस्सा रही है, लेकिन यह पहला अवसर है, जब दोनों दलों के बीच चुनाव से पहले गठबंधन हुआ है। झारखंड में अब कांग्रेस-जदयू और राजद के गठबंधन से भाजपा और आजसू गठबंधन का मुख्य मुकाबला होगा। तृणमूल कांग्रेस ने झारखंड विकास मोर्चे के साथ गठबंधन किया है। तृणमूल की झारखंड इकाई के प्रमुख बंधु टिर्की ने रांची में कहा कि हमने झारखंड विकास मोर्चे के साथ गठजोड़ किया है, हम बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में चुनाव लड़ना चाहते हैं, क्योंकि उनकी स्वच्छ छवि है और वह अनुभवी नेता हैं। उन्होंने कहा कि सीटों का तालमेल चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
तृणमूल कांग्रेस के नेता बंधु टिर्की ने बताया कि पहले चरण में 25 नवंबर को होने वाले चुनावों के लिए तृणमूल कांग्रेस को गुमका और मनिका सीटें दी जा रही हैं। जेवीएम को अन्य चरणों के लिए चार और सीटें दी गई हैं। इनमें मांडर, खिजरी, कांके और तोरपा सीटें हैं, लेकिन जेवीएम के प्रधान महासचिव प्रदीप यादव ने कहा कि उनकी पार्टी ने सिर्फ पांच सीटें मांडर, खिजरी, कांके, मनिका और गुमला दी हैं। झारखंड में यह चुनाव ऐसे समय पर हो रहा है, जब देश में भाजपा के नेता और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लहर चल रही है। झारखंड भाजपा के लिए कई मायनों में बड़ा महत्व रखता है, क्योंकि अगले साल बिहार में भी विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]