स्वतंत्र आवाज़
word map

सारे देश में मोदी की लहर-राजनाथ सिंह

छात्र-छात्राओं, शिक्षकों से भाजपा को वोट की अपील

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Tuesday 15 April 2014 12:34:59 PM

rajnath singh

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व लखनऊ लोकसभा प्रत्याशी राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश की तरूणाई ने भारत को कांग्रेस मुक्त बनाने का संकल्प लिया है, पिछले 55 वर्ष से भी अधिक समय तक शासन करने वाली कांग्रेस ने सैनिकों का मनोबल भी गिराया है, अटल बिहारी बाजपेयी ने वैश्विक आर्थिक प्रतिबंधों की परवाह किए बिना परमाणु विस्फोट कर भारत को न्यूक्लियर पॉवर बनाया, जिससे भारत का स्वाभिमान बढ़ा। उन्होंने रामाधीन सिंह इंटर कालेज, बाबूगंज में विभिन्न विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों के बड़ी संख्या में उपस्थित छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को संबोधित किया।
राजनाथ सिंह छात्रों के बीच शिक्षक की भूमिका में भी नज़र आए। विद्यार्थियों को भारत का ऐतिहासिक गौरव याद दिलाते हुए विभिन्न विषयों गणित, भौतिकी, रसायन शास्त्र के प्रश्न पूछकर संवाद भी स्थापित किया। छात्रों ने भी प्रश्नों के जवाब देकर राजनाथ सिंह को लखनऊ की मेधा का परिचय कराया। राजनाथ सिंह ने भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि नरेंद्र भाई मोदी पर जितने राजनैतिक हमले होते गए, राजनैतिक क्षितिज पर उनकी उतनी ही प्रतिष्ठा बढ़ती गई। मोदी के गुजरात विकास मॉडल की प्रशंसा केवल भाजपा ही नहीं वरन् 2008 में सोनिया गांधी की अध्यक्षता वाले राजीव गांधी फाउंडेशन ने भी की है। उन्होंने कहा कि मोदी के कार्यों की प्रशंसा भारत ही नहीं, बल्कि अमेरिका सहित सुदूर देशों में हो रही है, सारे देश में नरेंद्र मोदी की लहर है।
उन्होंने युवाओं से योग्यता और शिक्षा को परिश्रम से विकसित करने की अपील की और चुनावों में भाजपा को मतदान कर देश की तस्वीर बदलने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उन्हें देश के अनेक भागों में दौरा करना पड़ रहा है, लखनऊ की जिम्मेदारी आप सब पर है, आप ही यहां प्रत्याशी हैं, आप ही विजेता होंगे। कार्यक्रम को लखनऊ के सांसद लालजी टंडन, महापौर डॉ दिनेश शर्मा, महानगर अध्यक्ष मनोहर सिंह ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के आयोजक शिवभूषण सिंह एवं विनोद तिवारी अप्पू थे। कार्यक्रम का संचालन लखनऊ विश्व विद्यालय के छात्र नेता दानिश ने किया। इस अवसर पर प्रमुख रूप से शिवकुमार, जयप्रकाश चतुर्वेदी, अमित पुरी, प्रोफेसर राकेश द्विवेदी, पार्षद सूरज वर्मा, विनोद तिवारी अप्पू, संतोष सिंह, दयाशंकर सिंह, धीरेंद्र बहादुर सिंह, सत्यम गुप्ता, अनुराग तिवारी, नितिन मित्तल, आलोक शुक्ला, डॉ नेहा श्रीवास्तव, पवन सिंह, हर्ष सिंह, लवकेश सिंह, गौरव श्रीवास्तव सहित छात्र-छात्रा व शिक्षक उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]