स्वतंत्र आवाज़
word map

लखनऊ में भी बसपा ने दी तगड़ी टक्कर

नकुल दूबे ने लोगों से सीधे संपर्क कर मांगा समर्थन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 10 April 2014 12:57:13 AM

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री और लखनऊ लोकसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी नकुल दूबे ने व्यापक स्तर पर जनसंपर्क कर लोगों से उन्हें जिताने की अपील की। नकुल दूबे सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ पद यात्रा कर लोगों से संपर्क स्थापित कर रहे हैं। भरतनगर, श्रीनगर, भोलानगर, लवकुशनगर, उदयगंज, मुरमुरी खेड़ा, मल्लाही टोला सहित कई इलाकों में उन्होंने जन संपर्क कर वोट मांगे। नकुल दूबे की निजी तौर पर मतदाताओं से संपर्क करने की रणनीति काफी कारगर ‌सिद्ध हो रही है। बसपा नेता अरूण द्विवेदी ने भी उनके साथ लखनऊ उत्तरी विधान सभा क्षेत्र के जुनरैलगंज इलाके में लोगों से नकुल दूबे को वोट देने की अपील की।
नकुल दूबे लखनऊ में अपने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर दे रहे हैं। ब्राह्मण होने के नाते वे दूसरे दलों के ब्राह्मण उम्मीदवारों पर भी भारी दिखाई पड़ रहे हैं। इस बार के राजनीतिक समीकरणों में उनकी स्थिति काफी अच्छी मानी जा रही है, जबकि अपनी जीत सुनिश्चित मानकर चल रहीं कांग्रेस उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी के चुनाव प्रचार में वैसा जोश नहीं दिखता है। कांग्रेस के ब्राह्मण वोटों में भी नकुल दूबे की पकड़ कोई कम नहीं आंकी जा रही है। इसका एक कारण है कि वे काफी समय से अपने क्षेत्र के लगातार संपर्क में हैं।
कांग्रेस उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी और नकुल दूबे के वोटों के बीच केवल इतना अंतर माना जाता है कि यहां रीता बहुगुणा जोशी के पास पहाड़ी वोट काफी संख्या में है, जबकि नकुल दुबे के पास सभी वर्गों का वोट है। देखना है कि यह मुकाबला किस ओर जाता है, क्योंकि लखनऊ से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह के चुनाव में उतरने के कारण मुकाबला बढ़ गया है, जहां तक सपा प्रत्याशी अभिषेक मिश्र के प्रभाव का सवाल है तो लोग उनको वोट कटवा से आगे नहीं देख रहे हैं, जबकि नकुल दूबे ने इस चुनाव में पूरी ताकत झोंक रखी है और वे चुनाव जीतने की मानिंद बसपा की शक्ति का शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]