स्वतंत्र आवाज़
word map

देश के 11 %परिवारों की मुखिया महिलाएं

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 30 December 2012 06:37:52 AM

women

नई दिल्ली। देश में लगभग 2 करोड़ 70 लाख परिवारों की मुखिया महिलाएं हैं, जो कुल परिवारों का 11 प्रतिशत होता है। सभी राज्यों की सूची में महिला मुखिया वाले 23 प्रतिशत परिवारों के साथ केरल का पहला स्थान है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आरपीएन सिंह की ओर से यहां जारी किए गए परिवारों के आंकड़े से इस बात का पता चला है। गृह राज्य मंत्री ने परिवारों के आंकड़े वाली सीडी को भी जारी किया है।
ये आंकड़े "आवास सूचीकरण और आवास गणना" पर आधारित जनगणना 2011 के पहले चरण के परिणामों के हिस्से के रूप में जारी किये गये हैं। भारत के पंजीयक और जनगणना आयोग की राष्ट्रीय आंकड़ा वितरण कार्यशाला का उद्धाटन करते हुए गृह राज्य मंत्री ने कहा कि इस प्रकार के विवरण की उपलब्धता होने से योजना आयोग और सरकार को अपनी योजनाओं को अंतिम रुप देने में मदद मिलेगी। भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त डॉ सी चंद्रमौली ने जनगणना 2011 की मुख्य विशेषताओं का विवरण दिया जो इस प्रकार है-
देश के लगभग 2 करोड़ 70 लाख परिवारों की मुखिया महिलाएं हैं, जो कुल परिवारों का 10.9 प्रतिशत है। लक्षद्वीप में 43.7 प्रतिशत और केरल में 23 प्रतिशत परिवारों की मुखिया महिलाएं हैं। देश में लगभग 49 लाख एकल सदस्यीय महिला वाले परिवार हैं। इनमें से तीन-चौथाई परिवार ग्रामीण क्षेत्रों में हैं। सात प्रमुख राज्यों- छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात में उन एकल सदस्यीय परिवारों की संख्या 20 प्रतिशत से अधिक है, जिनकी मुखिया महिलाएं हैं। वर्ष 2011 में पुरूष मुखिया वाले परिवारों का अनुपात वर्ष 2001 की तुलना में 0.6 प्रतिशत गिर गया, जबकि इस दौरान महिला मुखिया वाले परिवारों का अनुपात 0.5 प्रतिशत बढ़ गया।
महिला मुखिया वाले 60 प्रतिशत से अधिक परिवारों के स्थायी घर हैं, जबकि अनुसूचित जाति और अनुसूचित जन जाति श्रेणियों में यह प्रतिशत क्रमशः 55.8 प्रतिशत और 33.4 प्रतिशत हैं। महिला मुखिया वाले लगभग 18 प्रतिशत परिवारों को पेयजल के लिए शहरी क्षेत्रों में 500 मीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में 1 किलोमीटर तक जाना पड़ता है। महिला मुखिया वाले लगभग 48 प्रतिशत परिवारों के घर में शौचालय हैं। महिला मुखिया वाले लगभग 59 प्रतिशत परिवारों के घर में स्नानघर हैं। महिला मुखिया वाले लगभग 45 प्रतिशत परिवारों के पास एक कमरे का घर है। महिला मुखिया वाले लगभग 42.5 प्रतिशत परिवार रसोई के लिए एलपीजी/पीएनजी का इस्तेमाल करते हैं। महिला मुखिया वाले लगभग 45 प्रतिशत परिवारों के पास टेलीविजन हैं, जबकि पुरूष मुखिया वाले 47.5 प्रतिशत परिवारों के पास टेलीविजन हैं।
महिला मुखिया वाले लगभग 3.2 प्रतिशत परिवारों के पास कार, जीप, वैन हैं, जबकि पुरूष मुखिया वाले 4.8 प्रतिशत परिवारों के पास कार, जीप, वैन हैं। महिला मुखिया वाले लगभग 29 प्रतिशत परिवारों के पास रेडियो, टेलीविजन, टेलीफोन, साइकिल, स्कूटर, कार जैसे कोई संसाधन नहीं हैं, जबकि पुरूष मुखिया वाले 16.5 प्रतिशत परिवारों के पास ये संसाधन नहीं हैं। भारत के महापंजीयक और जनगणना आयुक्त की वेबसाइट www.censusindia.gov.in पर भी "महिला मुखिया वाले परिवार" पर विस्तृत विवरण देखा जा सकता है।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]