स्वतंत्र आवाज़
word map

प्रोफेसर राव व तेंदुलकर को बधाई

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Sunday 17 November 2013 10:11:03 AM

manmohan singh

प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने प्रोफेसर सीएनआर राव और सचिन तेंदुलकर को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। मनमोहन सिंह ने प्रोफेसर सीएनआर राव को टेलीफोन किया और उनसे अनेक वर्ष तक राष्ट्र की और विज्ञान जगत की सेवा जारी रखने की इच्छा प्रकट की। प्रधानमंत्री ने सचिन तेंदुलकर से बात की और सेवानिवृत्ति के बाद उस सब के लिए सफलता की कामना प्रकट की जो भी वे चुनते हैं। उन्होंने आशा प्रकट की कि तेंदुलकर खेल जगत और लोगों के साथ अपना सहयोग जारी रखेंगे और राष्ट्र के लिए अपनी सेवा को नया रूप देंगे। प्रधान मंत्री ने सीएनआर राव को लिखे खत में भारत में विज्ञान के ढांचे को मजबूत बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की है।
प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सीएनआर राव को एक पत्र लिख कर कहा कि यह सम्‍मान आपको प्रदान करके राष्‍ट्र ने एक वरिष्‍ठ वैज्ञानिक और सॉलिड स्‍टेट तथा पदार्थ रसायन विज्ञान के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित अंतर्राष्‍ट्रीय विभूति को सम्‍मानित किया है। हम न केवल एक वैज्ञानिक के रूप में बल्कि युवा वैज्ञानिकों को तैयार करने और देश में विज्ञान के ढांचे को मजबूत बनाने में आपके योगदान के लिए आपको सलाम करते हैं। उन्‍होंने कहा कि हम उम्‍मीद करते हैं कि भारतीय विज्ञान और वैज्ञानिकों को आपका मार्ग-दर्शन निरंतर मिलता रहेगा।
प्रधानमंत्री ने सचिन तेंदुलकर को लिखे पत्र में कहा है कि वे खेल की दुनिया में भारत के सच्‍चे राजदूत हैं। मनमोहन सिंह ने सचिन तेंदुलकर को भारत रत्‍न पुरस्‍कार के लिए बधाई दी है। एक पत्र में प्रधानमंत्री ने कहा है यह सम्‍मान आपको प्रदान करके राष्‍ट्र ने एक जीवंत इतिहास को सम्‍मानित किया है, जिसकी क्रिकेट के मैदान में असंख्‍य उपलब्धियां रहीं हैं और उनके अनुकरणीय खेल ने विश्‍वभर अनेक लोगों को प्रेरित किया है। आप खेल की दुनिया में भारत के सच्‍चे राजदूत हैं। हम आपको एक खेल प्रतिभा और वैश्विक खेल प्रतिमा के रूप में सलाम करते हैं, आप न केवल खेलों में बल्कि मानवीय व्‍यवहार के अन्‍य क्षेत्रों में भी देशवासियों को निरंतर प्रेरित करते रहेंगे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]