स्वतंत्र आवाज़
word map

नरेंद्र मोदी की कम्बोडिया के पीएम संग बैठक

दोनों राजनेताओं ने मजबूत विकास साझेदारी का जायजा लिया

कम्बोडिया के महाराज एवं महारानी को भारत आने का न्योता

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 19 May 2022 01:09:02 PM

pm in a virtual meeting with the prime minister of cambodia

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कम्बोडिया के प्रधानमंत्री सम्देच अक्का मोहा सेना पेदाई तेचो हुन सेन केबीच वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें दोनों शीर्ष नेताओं ने व्यापार और निवेश, मानव संसाधन विकास, रक्षा और सुरक्षा, विकास सहयोग, कनेक्टिविटी, महामारी केबाद आर्थिक बहाली तथा लोगों के बीच मेलजोल सहित सभी द्विपक्षीय मुद्दों पर चर्चा की। दोनों ने द्विपक्षीय सहयोग के आगे बढ़ने की प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त किया। प्रधानमंत्री हुन सेन ने कहाकि कम्बोडिया भारत केसाथ अपने संबंधों को बहुत महत्व देता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसी भावना को दोहराया और कहाकि भारत की ‘ऐक्ट ईस्ट’ नीति में कम्बोडिया की अहम भूमिका है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कम्बोडिया के प्रधानमंत्री ने दोनों देशों की मजबूत विकास साझेदारी का जायजा लिया, जिसमें मेकॉन्ग-गंगा सहयोग प्रारूप केतहत क्षमता निर्माण कार्यक्रम और त्वरित प्रभावी परियोजनायें शामिल हैं। नरेंद्र मोदी ने दोनों देशों केबीच ऐतिहासिक और सभ्यतामूलक संपर्क को भी रेखांकित किया और इस बातपर प्रसन्नता व्यक्त कीकि कम्बोडिया में आंगकोर वाट तथा प्रेहअ विहिअर मंदिरों के पुनर्निमाण में भारत सहयोग कर रहा है, इससे दोनों देशों केबीच के सांस्कृतिक और भाषाई जुड़ाव का पता चलता है। प्रधानमंत्री हुन सेन ने क्वॉड वैक्सीन पहल केतहत कम्बोडिया को भारत में बनी कोविशील्ड वैक्सीन की 3.25 लाख खुराकें उपलब्ध कराने केलिए भारत को धन्यवाद दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कम्बोडिया के प्रधानमंत्री ने भारत और कम्बोडिया केबीच राजनयिक सम्बंधों की स्थापना के 70 वर्ष हो जाने पर एक-दूसरे को बधाई दी, जिसे इस वर्ष मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कम्बोडिया के महाराज और महारानी को भारत आने का न्योता दिया है, इस दौरे का समय दोनों पक्षों की सुविधा को मद्देनज़र रखते हुए तय किया जाएगा। दोनों राजनेताओं ने आपसी हितों से संबंधित क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। नरेंद्र मोदी ने आसियान की अध्यक्षता प्राप्त करने पर कम्बोडिया को बधाई दी और आश्वस्त कियाकि कम्बोडिया के कार्यकाल को सफल बनाने में भारत पूरा समर्थन और सहयोग देगा।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]