स्वतंत्र आवाज़
word map

'देश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा'

विदेशियों केलिए 137 पर्वत शिखरों को खोला गया

नई दिल्ली में पर्यटन मंत्रियों का राष्ट्रीय सम्मेलन

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 22 August 2019 01:41:30 PM

national conference of tourism ministers in new delhi

नई दिल्ली। भारत सरकार ने पर्वतारोहण और ट्रैकिंग के लिए पर्वतारोहण वीजा प्राप्त करने के इच्छुक विदेशियों के लिए 137 पर्वत शिखरों को खोल दिया है। ये शिखर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम में स्थित हैं। विदेशियों के लिए सबसे ज्यादा 51 शिखर उत्तराखंड में खोले गए हैं। इस सूची में जम्मू-कश्मीर के 15 पर्वत शिखरों को भी शामिल किया गया है। स्वतंत्र प्रभार संस्कृति एवं पर्यटन राज्यमंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल ने विदेशियों के लिए ज्यादा पर्वत शिखरों को खोलने के पर्यटन मंत्रालय के अनुरोध को स्वीकार करने के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है। प्रह्लाद सिंह पटेल ने कहा कि यह देश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम है।
पर्यटन राज्यमंत्री ने राष्ट्रीय पर्यटन सम्मेलन में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के पर्यटन मंत्रियों को संबोधित करते हुए साहसिक पर्यटन पर जाने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने राज्यों से अनुरोध किया कि वे साहसिक पर्यटन ऑपरेटरों का पंजीकरण करते समय अत्यधिक सावधानी बरतें और यह भी सुनिश्चित करें कि राज्यों द्वारा साहसिक पर्यटन के दिशा-निर्देशों को पालन किया जा रहा है। भारतीय साहसिक पर्यटन दिशा-निर्देश 2018 के तहत जमीन, हवा और पानी में की जाने वाली गतिविधियां आती हैं, जिनमें पर्वतारोहण, ट्रैकिंग, बंजी जंपिंग, पैरा ग्लाइडिंग, कयाकिंग, स्कूबा डाइविंग, स्नोरकेलिंग, रिवर रॉफ्टिंग और कई दूसरे खेल आते हैं।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]