स्वतंत्र आवाज़
word map

सपा सरकार के खिलाफ साजिशें हो रही हैं-मुलायम

महिलाओं को अब सपा में राष्ट्रीय स्तर पर भी स्थान

लोहिया जयंती पर सम्मान सहित अनेक विशेष कार्यक्रम

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Saturday 23 March 2013 11:49:19 PM

mulayam singh yadav

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव ने शनिवार को सपा कार्यकर्ताओं और विशेषकर नौजवानों को सतर्क करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के खिलाफ साजिशें हो रही हैं, दिल्ली से उत्तर प्रदेश की आबादी 10 गुना ज्यादा है, जबकि दिल्ली में अपराध 10 गुना से ज्यादा हैं, उसकी चर्चा नहीं होती है, उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं की जाती हैं, राज्य सरकार ने जनहित के जो काम किए हैं, उनकी उपेक्षा की जाती है, अब वक्त आ गया है कि शासन में कड़ाई हो और जो बड़े अधिकारी दोषी मिले, उन पर कार्रवाई करने में हिचक नहीं होनी चाहिए।
मुलायम सिंह यादव ने लोहिया पार्क में आयोजित डॉ लोहिया जयंती समारोह में डॉ राममनोहर लोहिया को अपनी भावांजलि देते हुए कहा कि वे आजीवन अन्याय और गैर बराबरी के खिलाफ संघर्षरत रहे, नौजवानों और महिलाओं की राजनीति में भागीदारी पर उनका बहुत जोर रहता था और वे कहते थे कि इनकी अगुवाई में ही संपूर्ण परिवर्तन हो सकता है, आजादी के आंदोलन में भी इनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार को उत्तर प्रदेश में बहुमत दिलाने में इनका बड़ा योगदान रहा है, समाजवादी पार्टी के संघर्ष के दिनों में भी इनकी भूमिका बहुत सराहनीय रही है, समाजवादी पार्टी ने नौजवानों को सबसे ज्यादा स्थान दिया है, महिलाओं को अब राष्ट्रीय स्तर पर भी स्थान मिलेगा, हमें ऐसा माहौल बनाना चाहिए कि महिलाओं की राजनीति में सक्रियता के लिए परिवार वाले ही उत्साहित करें।
मुलायम सिंह यादव ने नौजवानों से कहा कि डॉ लोहिया ने हमें अहिंसक आंदोलन का पाठ पढ़ाते हुए मारेंगे नहीं पर मानेंगे भी नहीं की सीख दी थी। उन्होंने अमेरिका में रंगभेद के विरोध में गिरफ्तारी दी, हमें संकल्प लेना चाहिए कि जहां कहीं अन्याय हो, वहीं विरोध करें पर हिंसा नहीं हो। उन्होंने समाजवादियों को संकल्प दिलाया कि कभी झूंठ मत बोलना, अन्याय भी मत सहन करना और महिलाओं को पार्टी के साथ ज्यादा से ज्यादा संख्या में जोड़ने की कोशिश करना। उन्होंने कहा महिलाओं को केवल इस देश में ही नहीं, दुनियाभर में दबाकर रखा जाता है, डॉ साहब ने हमें उनका सम्मान करना सिखाया, हमें उसका पालन करना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे डॉ लोहिया की लिखी पुस्तकें पढ़ें, समाजवादी आंदोलन के बारे में जानकारी हासिल करें, इसके साथ ही उन्होंने कार्यकर्ताओं को एक दूसरे के सुख दुःख में शामिल रहने को भी कहा।
सपा अध्यक्ष ने संसद में पारित महिला सुरक्षा विधेयक के कुछ प्राविधानों पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस बिल का हरिजन एक्ट की तरह पुलिस दुरूपयोग कर सकती है। उन्होंने कहा कि चीन भारतीय क्षेत्र में बराबर अतिक्रमण कर रहा है, मंहगाई की चर्चा करते हुए कहा कि सभी बुराईयों की जड़ में कांग्रेस है, दिल्ली की सरकार डरपोक है, मेरे रक्षा मंत्री रहते चीन सरकार ने ऐसा कुछ नहीं किया, उल्टे मैने उसकी सीमा में 4 किलो मीटर तक भारतीय निशान लगवा दिए थे।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सरकार डॉ राममनोहर लोहिया के दिखाए हुए रास्ते पर चलने का काम करेगी, जो वायदे जनता के बीच किए गए हैं, उन्हें पूरा करने का काम करेगें, एक लंबे संघर्ष के बाद समाजवादी पार्टी की बहुमत की सरकार बनी है, हम जनता के भरोसे पर खरा उतरेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि केंद्र में कांग्रेस की सरकार है, प्रदेश में बसपा की सरकार थी, दोनों के कामकाज और समाजवादी पार्टी की सरकार के कामकाज के अंतर को समझना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने यशभारती सम्मान प्राप्त विशिष्ट व्यक्तियों को बधाई दी। उन्होंने जेपी अंतर्राष्ट्रीय केंद्र और जनेश्वर मिश्र पार्क के समय से पूरा हो जाने की उम्मीद जताई। जनेश्वर मिश्र की याद करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उनसे बहुत कुछ सीखने को मिलता था, कठिन समय में उनके विचारों से मनोबल बढ़ता था, उनके नाम पर बना पार्क हमेशा उनकी स्मृति को ताजा रखेगा।
डॉ लोहिया जयंती समारोह को विधान सभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय, वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव तथा पूर्व मंत्री भगवती सिंह ने भी संबोधित किया। मुलायम सिंह यादव और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने वरिष्ठ पत्रकार के विक्रम राव की पुस्तक मानेगें नहीं, मारेगें नहीं और लोक निर्माण मंत्री शिवपाल सिंह यादव की संपादित एवं समाजवादी बौद्धिक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीपक मिश्र की प्रस्तुति डॉ लोहिया, पुस्तक का लोकार्पण भी किया।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने इस अवसर पर 15 विभूतियों को यश भारती सम्मान से सम्मानित करते हुए उन्हें शाल प्रशस्ति पत्र बुके तथा 11 लाख रूपए की राशि भेंट की। यशभारती सम्मान से सम्मानित विभूतियों के नाम हैं- छन्नूलाल मिश्र, सत्यमित्र दुबे, वसीम बरेलवी, रामकृष्ण राजपूत, आमिर रजा, सरिता शर्मा, मेवालाल यादव, विवेक गुप्ता, नरसिंह यादव, अंशु तोमर, राजेंद्र यादव, अभिजीत भट्टाचार्य, सुरेश रैना, जावेद अली एवं मस्तराम कपूर। मुख्यमंत्री ने समारोह स्थल पर 3 हजार सीटों की क्षमता वाले कांफ्रेंस हाल सहित अन्य तमाम सुविधाओं से युक्त जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय केंद्र और 376 एकड़ पार्क में बनने वाले जनेश्वर मिश्र पार्क का भी शिलान्यास किया।
इस अवसर पर अहमद हसन, नरेश अग्रवाल, अंबिका चौधरी, राजेंद्र चौधरी, ओमप्रकाश सिंह, अभिषेक मिश्रा, डॉ अशोक बाजपेई, अरविंद कुमार सिंह, एसआरएस यादव, राजा चतुर्वेदी, डॉ मधु गुप्ता, शादाब फातिमा, नारद राय, सुनील यादव, नफीस अहमद, नईमुल हसन, राजपाल कश्यप, सत्यमित्र दुबे, विजय सिंह, हाजी मोहम्मद अनवर खॉ, नरेश उत्तम एमएलसी, जरीना उस्मानी, लीलावती कुशवाहा, सत्येंद्र उपाध्याय, राहुल सेन सक्सेना, विजय तिवारी, रामशंकर यादव, शाहीन फातिमा, डॉ आशा लता सिंह, राजेंद्र सिंह राजा, प्रेमप्रकाश वर्मा, माला द्विवेदी, मोहम्मद हाफिज उस्मान, हीरा ठाकुर, सुरेश चौहान, डॉ अल्पना बाजपेई, राम सागर, दिनेश यादव, शराफत अली, विद्यावती राजभर, सुरेंद्र नायक, प्रदीप शर्मा आदि की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
राजधानी लखनऊ में भी लोहिया जयंती पर विशेष समारोह हुए। लोहिया पार्क चौक, लोहिया विधि संस्थान, लोहिया अस्पताल में समाजवादी पार्टी नेताओं ने डॉ लोहिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। लोहिया ट्रस्ट लखनऊ में स्थापित डॉ लोहिया की प्रतिमा पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, वरिष्ठ मंत्री शिवपाल सिंह यादव एवं प्रदेश कोषाध्यक्ष राज किशोर मिश्र ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]