स्वतंत्र आवाज़
word map

राज्यपाल ने किया कविता संकलन का विमोचन

कुलदीप सिंह का कविता संकलन 'भारत का श्रृंगार' प्रशंसनीय

'कविता लिखना मन के भाव को शब्दों के रूप देने जैसा कार्य'

स्वतंत्र आवाज़ डॉट कॉम

Thursday 11 July 2019 05:28:16 PM

governor releases poem compilation

लखनऊ। राज्यपाल राम नाईक ने राजभवन लखनऊ में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के निरीक्षक कुलदीप सिंह की कविता संकलन ‘भारत का श्रृंगार’ का विमोचन किया। संकलन में 76 कविताओं को शामिल किया गया है। राज्यपाल इससे पूर्व कुलदीप सिंह के लिखे भजन संग्रह की सीडी का भी विमोचन कर चुके हैं। राज्यपाल ने निरीक्षक कुलदीप सिंह को बधाई देते हुए कहा कि कविता लिखना मन के भाव को शब्दों के रूप देने जैसा कार्य है। राज्यपाल ने इस अवसर पर पुलिसकर्मियों को उनके कर्तव्य याद दिलाते हुए कहा कि संवेदनशील होकर दूसरों के दुःख-दर्द को ज्यादा समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि काव्य संकलन का शीर्षक ‘भारत का श्रृंगार’ स्वतः कविताएं पढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
कुलदीप सिंह ने ‘उत्तर प्रदेश गान’ भी लिखा है, जिसे बालीवुड गायक सोनू निगम ने स्वरबद्ध एवं संगीतबद्ध विपिन पटवा ने किया है। उत्तर प्रदेश गान के बोल ‘भारत की शान उत्तर प्रदेश है’। यह गीत उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडु ने लोकार्पित किया था। कुलदीप सिंह की कविताओं की प्रशंसा राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कर चुके हैं। कुलदीप सिंह 1996 बैच के पुलिस अधिकारी हैं। विमोचन कार्यक्रम में राज्यपाल की पत्नी कुंदा नाईक, पुत्री विशाखा कुलकर्णी और कुलदीप सिंह के पारिवारिक सदस्य भी उपस्थित थे।

हिन्दी या अंग्रेजी [भाषा बदलने के लिए प्रेस F12]