|
|
|
|
बंगाल में वैट वापसी की मांग
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मूल्यवर्द्घित कर (वैट)
की वापसी की प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सरकार के दोहरे
प्रयासों के बावजूद विभिन्न निर्यात संवर्धन संगठनों ने दावा
किया है, कि राज्य के उत्पाद शुल्क विभाग ने अभी तक बकाया राशि
वापस नहीं की है। विभिन्न क्षेत्रों से एकत्र किए गए आंकड़ों
के मुताबिक यह राशि करीब चार सौ करोड़ रुपये है। उदाहरण के लिए
चमड़ा क्षेत्र में कुल बकाया वैट वापसी राशि 2005-06 से लेकर
अभी तक सालाना अस्सी करोड़ रुपये के आस-पास है, जबकि
इंजीनियरिंग क्षेत्र में कुल बकाया वैट वापसी राशि 2005-06 से
लेकर 2007-08 तक करीब दो सौ करोड़ रुपये है और जूट निर्यात इकाई
में करीब दस करोड़ रुपये है।
गुजरात में अब नैनो
सिटी
अहमदाबाद। गुजरात में टाटा मोटर्स की लखटकिया कार नैनो
आने के बाद अब नैनो सिटी की स्थापना की जाएगी। हॉटमेल के
निर्माता सबीर भाटिया करीब तीस हजार करोड़ रुपये के निवेश के
साथ ढोलेरा के नजदीक नैनो सिटी की स्थापना करेंगे। नैनो सिटी
की स्थापना के लिए आरजू के संस्थापक योगेश पटेल के साथ करार
किया गया है। नैनोसिटी का निर्माण आठ हजार एकड़ में फैले
क्षेत्र में किया जाएगा जहां विश्वस्तरीय पारिस्थितिकी तंत्र
की सुविधाएं मुहैया कराई जाएगी। नैनोसिटी की स्थापना अहमदाबाद
से 80 किमी दूर दक्षिण-पश्चिम में की जाएगी। नैनोसिटी को
शिक्षा, व्यापार और तकनीक के मामले में एक क्षेत्रीय और
अंतराष्ट्रीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना
मुख्य रूप से सूचना
प्रौद्योगिकी,
विश्वविद्यालय, सुविधाएं और नैनोटेक-बॉयोटेक पर केंद्रित होगी।
आईटी जिला शहर में मध्य व्यापार एरिया के रूप में विकसित किया
जाएगा।
|
|
|