लखनऊ।
मुख्य सचिव अतुल कुमार गुप्ता ने दिल्ली में कामन वेल्थ
गेम्स-2010 के आयोजन के पूर्व उप्र से होकर गुजरने वाली कॉमन
वेल्थ गेम्स क्वीन्स बेटन रिले के भव्य और शानदार आयोजन के लिए
संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुये बताया है कि
क्वीन्स बेटन रिले 8 जुलाई से 13 जुलाई और 19 से 22 सितम्बर के
दौरान प्रदेश के विभिन्न जनपदों से गुजरेगी। उन्होंने कहा कि
रात्रि विश्राम से संबंधित जनपदों में सांय काल भव्य
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए। मुख्यसचिव ने एनेक्सी सभाकक्ष में आयोजित बैठक
में क्वीन्स बेटन रिले कार्यक्रम के गुजरने के दौरान उत्तर
प्रदेश में आयोजित होने वाले कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी
लेते हुए बेटन रिले में ज्यादा से ज्यादा जनसहभागिता सुनिश्चित
करने के साथ स्कूली बच्चों की भी व्यापक सहभागिता सुनिश्चित
करने के लिए प्रदेश और जनपद स्तर पर विभिन्न समितियां गठित कर
आवश्यक कार्यवाही करने को कहा। उन्होंने कहा कि कामनवेल्थ
गेम्स को ग्रीन गेम्स का दर्जा दिया गया है इसलिए रिले से
गुजरने वाले सम्बन्धित जनपदों में पर्यावरण जागरूकता और रूट
आदि पर व्यापक वृक्षारोपण करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए,
क्वीन्स बेटन रिले के लिए निर्धारित रूट पर
राष्ट्रीय-अन्तर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ियों और अन्य
गणमान्य व्यक्तियों, बेटन के साथ दौड़ लगायी जाए। बैठक में बताया गया कि क्वीन्स बेटन रिले 8 जुलाई 2010
को उत्तराखण्ड से बहेड़ी (बरेली) में प्रवेश करेगी। इसके
पश्चात् शाहजहांपुर, सीतापुर, लखनऊ, रायबरेली, अमेठी
(सुल्तानपुर), इलाहाबाद, वाराणसी होते हुए 13 जुलाई को गया
(बिहार) में प्रवेश करेगी और पुनः 19 सितम्बर, 2010 को झांसी
होते हुए आगरा से 22 सितम्बर, 2010 को राजस्थान में प्रवेश
करेगी। लखनऊ में बेटन रिले 9 जुलाई को सायं 4:15 बजे इटौंजा से
प्रवेश करेगी और पक्का पुल, बड़ा इमामबाड़ा, रेजीडेंसी, परिवर्तन
चौक होते हुए सीएमएस, कानपुर रोड के लिए प्रस्थान करेगी जहां
बेटन रिले के स्वागत में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित
किये जा रहे हैं। इस अवसर पर डाक विभाग क्वीन्स बेटन रिले पर
विशेष आवरण का विमोचन कार्यक्रम भी आयोजित करेगा। दस जुलाई को
क्वीन्स बेटन रिले बड़ा इमामबाड़ा से केडी सिंह बाबू स्टेडियम
होते हुए रायबरेली जनपद के लिए प्रस्थान करेगी। मुख्यसचिव ने क्वीन्स बेटन रिले के प्रभावी
आयोजन हेतु स्टेडियमों के साथ रात्रि विश्राम से संबंधित
जनपदों में सांयकाल भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के
भी निर्देश दिये। बैठक में प्रमुख सचिव गृह कुंवर फतेह बहादुर,
प्रमुख सचिव खेलकूद डा ललित वर्मा, सचिव पर्यटन अवनीश अवस्थी,
सचिव खेलकूद डॉक्टर हरिओम और सम्बन्धित जनपदों के जिलाधिकारी
एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे।