|
|
|
|
नवीन
चावला नए मुख्य चुनाव आयुक्त
नई दिल्ली।
नवीन
चावला भारत के नए मुख्य चुनाव आयुक्त होंगे। अभी तक वे चुनाव
आयुक्त के पद पर कार्यरत हैं। वे 21 अप्रैल को अपनी नई
जिम्मेदारी संभालेंगे। केन्द्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के
विधायी विभाग ने यहां जारी बयान में कहा है कि राष्ट्रपति
प्रतिभा देवी सिंह पाटिल ने चावला की मुख्य चुनाव आयुक्त के पद
पर नियुक्ति की मंजूरी दे दी है। नवीन चावला मौजूदा मुख्य
चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी की जगह लेंगे जो 20 अप्रैल को 65
साल की उम्र में अपने पद से सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी और चुनाव आयुक्त
नवीन चावला के बीच मतभेद काफी चर्चा में रहे हैं। यहां तक कि
एन गोपालस्वामी ने इन्हें पद से हटाने के लिए राष्ट्रपति
प्रतिभा देवी सिंह पाटिल से संस्तुति तक कर दी थी, जो बाद में
नामंजूर कर दी गई। केंद्र सरकार ने नवीन चावला का खुले तौर पर
पक्ष लिया। कांग्रेस ने इस मामले को मुद्दा ही बना लिया, जबकि
भारतीय जनता पार्टी उनकों शुरू से ही कांग्रेस का पक्ष लेने के
लिए आरोपित करती रही है। आखिर इस विवाद का पटाक्षेप हुआ जब
राष्ट्रपति ने नवीन चावला के नाम का मुख्य चुनाव आयुक्त पद के
लिए अनुमोदन कर दिया।
हालांकि यह नियुक्ति विवाद समाप्त हो गया है लेकिन
लोकसभा चुनाव में राजनीतिक दलों में इस बात का संशय कायम है कि
नवीन चावला निष्पक्ष रूप से काम नही करेंगे। भारतीय जनता
पार्टी तो शुरू से ही इनके विरूद्ध रही है। अब नवीन चावला के
मुख्य चुनाव आयुक्त पद की जिम्मेदारी संभालने के साथ ही उन पर
यह दबाव भी आ गया है कि
वे
अपने ऊपर पक्षपातपूर्ण आरोपों को नहीं लगने देंगे। इस नई
जिम्मेदारी में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होगी।
|
|
|