|
|
|
|
मीडिया
के छात्रों की बड़ी जिम्मेदारियां - डा अली
भोपाल । 'जनसंचार के क्षेत्र में काम करने वालों की
जिम्मेदारियां बहुत बड़ी हैं, जनसंचार कर्मी वास्तव में समाज
की पहचान करता है और उसके आधार पर समस्याओं के निदान का मार्ग
प्रशस्त करते हैं, ये विचार कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं
जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर में जनसंचार विभाग के अध्यक्ष
डा शाहिद अली ने व्यक्त किए। डा अली ने माखनलाल चतुर्वेदी
राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय, भोपाल के
जनसंचार विभाग के छात्र-छात्राओं से एक संवाद में कहा कि
मीडिया के छात्र समाज की बुराइयों को पहचान कर उनका निदान करने
वाले भावी चिकित्सक हैं। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ी ही
मीडिया जगत के अंदर आ गई विकृतियों का निदान भी खोजेगी और उसे
जनोन्मुखी बनाने में मदद करेगी। डा अली ने कहा कि मीडिया पर
बाजार के प्रभावों से मिल रही चुनौतियों का सामना करने के लिए
पत्रकारिता के मूल्यों को कायम रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा
कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में संचार माध्यमों की जागरूकता
जरूरी है और मीडिया का नया परिदृश्य गंभीर और चिंतनशील जनसंचार
के शोधार्थियों का है, वर्तमान को कोसने से नहीं बल्कि उसका
सामना करने और नए रास्ते बनाने से ही यह क्षेत्र नई उर्जा को
प्राप्त कर सकेगा। कार्यक्रम के प्रारंभ में जनसंचार विभाग के
अध्यक्ष संजय द्विवेदी ने डा अली का स्वागत किया।
आभार प्रदर्शन डा मोनिका वर्मा ने किया। आयोजन में विभाग के
छात्र-छात्राएं मौजूद थे।
|
|
|