बालीवुड में स्‍टार पुत्रियों की कुश्ती

  • हरीश साल्‍वे

 

मुंबई। फिल्मी दुनिया में काम करने वाले अदाकार और अदाकाराएं पहले अपनी बेटियों को बालीवुड से दूर रखते थे, मगर बदलते वक्त के साथ यह बंदिश भी खत्म हो गई। राजकपूर के बेटे रणधीर कपूर की दोनों बेटियों ने फिल्मी दुनिया में अपना कैरियर बनाया। इसी तरह तमाम मुखालिफत के बावजूद धर्मेन्द्र भी अपनी बेटी एशा को मां हेमा मालिनी के नक्शे कदम पर चलने से नहीं रोक पाए। शर्मिला टैगोर की बेटी सोहा अली ने अदाकारी को अपना कैरियर बनाया तो विनोद मेहरा की बेटी सोनिया मेहरा बस एक फिल्म में अपनी झलक दिखा कर गायब हो गई। इसी कड़ी में एक और नाम जुड़ गया है। यह नाम है कमल हासन और सारिका की बेटी श्रृति हासन का। कमल हासन और सारिका की राहे आज भले ही जुदा हो गई हो। मगर कमल हासन अपनी बेटी को हीरोइन बनाने में पूरी मदद कर रहे है और इसके लिए उन्होंने अपने जूनियर दोस्त आमिर खान का सहारा लिया है। श्रृति आमिर खान के भतीजे इमरान खान के साथ ‘लक’ फिल्म के जरिए बालीवुड में बाकायदा दाखिला ले रही हैं।
इस साल कई स्टार बालीवुड में अपना जलवा बिखेरने की तैयारी में है। इनमें शेखर सुमन के बेटे ‘आद्यन’ है तो शत्रुध्न सिन्हा कि बेटे लव सिन्हा है जबकि मिथुन के बेटे मिमोह और अनुपम खेर के बेटे सिकंदर खेर अपनी फ्लाप फिल्मों के साथ बालीवुड में दाखिल हो चुके है। आमिर खान के भतीजे और डायरेक्टर हैरी बावेजा का बेटा हरमन बावेजा भी रणवीर कपूर की तरह बालीवुड में द्दूम मचाने के लिए तैयार हैं। अनिल कपूर की बेटी सोनम कपूर के बाद स्टार गर्ल श्रृति हासन भी बालीवुड में दाखिल हो रही है।
सोनम कपूर और श्रृति दोनों में एक बात यकसा है वह यह कि दोनों के वालिद अभी तक बालीवुड में हीरो के रोल कर रहे हैं। ऐसे में बेटी का हीरोइन बनना उनके लिए और उनकी बेटी दोनों के लिए दिक्कत हो सकती है। सोनम कपूर की पहली फिल्म ‘साँवरिया’ बुरी तरह फ्लाप हो चुकी है और फिलहाल किसी दूसरी फिल्म का कोई चर्चा नहीं है। वैसे भी अनिल कपूर को इस बात में कोई खास दिलचस्पी नहीं है कि उनकी बेटी फिल्मों में अपना कैरियर बनाए यही वजह है कि अनिल कपूर, कमल हासन की तरह अपनी बेटी को प्रमोट नहीं कर रहे हैं।
कमल हासन अपनी बेटी को हीरोइन बनाने की भरपूर कोशिशे कर रहे है। इसके लिए उन्होंने आमिर खान से भी बात की। आमिर ने उनसे कहा कि श्रृति को लांच करने के लिए बेहतर यही होगा कि उनके भतीजे की अगली फिल्म ‘लक’ में उसे बतौर हीरोइन पेश किए जाए। कमाल हासन के राजी होते ही श्रृति ‘लक’ की हीरोइन बन गई जबकि इससे पहले ‘वुड स्टॉक बिला’ की हीरोइन नेहा ओबराय और अलाउद्दीन सीरियल से मशहूर हुई जासमिन को लेने पर गौर किया जा रहा था। इस फिल्म को सोहम डायरेक्ट करेंगे। इमरान खान और श्रृति के अलावा फिल्म में रविकिशन मिथुन चक्रवर्ती और संजय दत्त भी नजर आएंगे। सोहम शाह का कहना है कि दरअसल इमरान के साथ उन्हें एक मासूम सी लड़की की तलाश थी और श्रृति उस कसौटी पर खरी उतरती है।
डायरेक्टर सोहम शाह के मुताबिक फिल्म में कुछ हैरतअगेंज एक्शन सीन भी होंगे। जिनके लिए श्रृति एलन अमीन से ट्रेनिंग ले रही है। फिल्म की शूटिंग साउथ अफ्रीका में होगी। फिल्म का सब्जेक्ट है कि फिल्म के तमाम किरदार अपनी किस्मत आजमाने साउथ अफ्रीका आते है। अब देखने वाली बात यह है कि श्रृति अपनी अदाकारी की कितनी छाप नाजरीन के दिलों पर छोड़ पाती है। चूंकि वह कमल हासन जैसे बसलाहियत अदाकार की बेटी है लिहाजा नाजरीन की तवक्को उससे लाजवाब अदाकारी की होगी। इसमें कोई शक नही कि श्रृति के खून में अदाकारी है क्योंकि उसके मां-बाप दोनों अदाकार है। सारिका अपने वक्त की ग्लैमर क्वीन थी तो कमल हासन लाजवाब अदाकार। अपने बाप की अदाकाराना सलाहियत और मां के हुस्न का संगम श्रृति में है सबसे अहम बात यह है कि आज जिस्म की नुमाइश आम होती जा रही है तो देखना यह है कि श्रृति भी इस धारा का हिस्सा बनती हैं या फिर सोनम कपूर की तरह की अपनी इमेज बनाती हैं।

आगे और...

© swatantraawaz.com   |  Disclaimer