टोरंटो में प्रधान कौंसलावास में हिंदी कवि सम्मेलन

  • टोरंटो ब्यूरो

टोरंटो। टोरंटो में प्रधान कौंसलावास में हिंदी कवि सम्मेलनभारत का साठवां गणतंत्र दिवस कनाडा में बड़ी धूमधाम और गर्व के साथ आयोजित किया गया। कनाडा में जहां कई स्थानों पर भारतीयों ने झंडारोहण और विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करके गणतंत्र दिवस मनाया वहीं टोरंटो में भारत के प्रधान कौंसलावास में राष्ट्रप्रेम को समर्पित एक भव्य हिंदी कवि सम्मेलन हुआ जिसमें कनाडा में रह रहे प्रमुख भारतीयों कवियों, कवियत्रियों एवं कविता प्रेमियों ने भाग लिया और एक से बढ़कर एक हिंदी कविताओं एवं नज़्मों को सुना। इस मौके पर भारत की कौंसल जनरल प्रीति सरन कार्यक्रम की विशिष्‍ट अतिथि के रूप में मौजूद थीं जबकि कनाडा का सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'आर्डर ऑफ कनाडा' प्राप्त कर चुके प्रोफेसर ओंकार द्विवेदी मुख्य अतिथि थें। कनाडा में हिंदी साहित्य के पितामह कहे जाने वाले डॉ० भारतेंदु श्रीवास्तव ने कवि सम्मेलन की अध्यक्षता की।
प्रधान कौंसलावास में भारत प्रेम का अनूठा दर्शन और हिंदी कवि सम्मेलन से आत्मविभोर होकर प्रीति सरन ने कहा कि जीटीए में हिंदी के इतने अच्छे जानकार और प्रतिष्ठित कवि देखकर मुझे बहुत प्रसन्नता हुई है। वास्तव में हर भारतीय भारत का सांस्कृतिक दूत है और यहां पर हिंदी के विकास के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराना भी कौंसलावास का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रधान कौंसलावास में ऐसे कार्यक्रम होते रहेंगे, जिसमें हम हिंदी और हिंदी कविता को प्रोत्साहित करने में हमेशा योगदान देंगें। फिर उन्होंने आगे कहा कि यहां पर हिंदी के अद्भुत प्रतिभाशाली कव‍ियों साहित्यकारों एवं उनकी रचनाओं ने उन्हें बहुत प्रभावित और आश्चर्यचकित किया है। ऐसा ही यहां पर आए श्रोताओं को देखकर लगता है जोकि अपने भारतीय प्रेम और भारतीय भाषा के प्रति निष्ठावान और समर्पित हैं। प्रीति सरन का कहना था कि हिंदी को बढ़ावा देने के लिए कनाडा में और भी जो प्रयास हो सकते हैं वह किए जाएंगे।

हिंदी मंच के समन्वयक एवं कवि सम्मेलन के संयोजक डॉ० देवेंद्र मिश्रा और हेड ऑफ चांसरी कौंसल एमपी सिंह ने इस कवि सम्मेलन को आयोजित करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका का निर्वहन किया। डॉ० देवेंद्र मिश्रा ने भारतीय राष्‍ट्र प्रेम को समर्पित हिंदी कविताओं का पाठ किया। प्रधान कौंसलावास में हिंदी मंच की स्थापना 14 सितंबर 2008 को हिंदी साहित्य सभा के पूर्व प्रधान डॉ० देवेंद्र मिश्र और हेड ऑफ चांसरी एमपी सिंह ने इस उद्देश्य से की थी ताकि यहां पर भारतीयों के लिए हिंदी भाषा का और अधिक प्रचार-प्रसार हो सके।
टोरंटो में प्रधान कौंसलावास में हिंदी कवि सम्मेलनकवि सम्मेलन में राष्ट्र को समर्पित और भारतीय प्रेम से ओत-प्रोत कविता पाठ करने वालों में उत्तरी अमरीका में जाने-माने हिंदी साहित्यकार डॉ० कैलाश भटनागर, डॉ० रत्‍नाकर नराले, डॉ० प्रीति धमाने, डॉ० हरिहर बेहरा जैसे प्रसिद्ध कवियों और सुधा मिश्रा, मीना चोपड़ा, राकेश तिवारी, संदीप त्यागी, भगवत सरन, उमादत्त दुबे ने देश भक्ति और राष्ट्रवादी कविताओं के शानदार प्रस्तुतीकरण से यहां के वातावरण को राष्‍ट्रप्रेम से ओत-प्रोत कर दिया। कवि सम्मेलन में जावेद दानिश और मोहम्मद अली की नज़्मों ने भी भारतीय प्रेम का खूब समां बांधा। कार्यक्रम के अंत में डॉ० देवेंद्र मिश्रा समन्वयक हिंदी मंच ने प्रधान कौंसलावास के हिंदी को बढ़ावा देने के प्रयासों की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

टोरंटो में वैदिक कल्चरल सेंटर, मारखम में आर्य समाज स्वामी रामदेव पतंजलि योग समिति एवं राजस्थान एसोशिएशन ऑफ नार्थ अमरीका की ओर से गणतंत्र दिवस मनाया गया जिसमें कनाडा के अनेकानेक राजीनीतिज्ञ मंत्री, सरकारी अफसरों, पुलिस चीफ (यॉर्क) और मारखम के डिप्टी मेयर आदि गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

Bookmark and Share