|
सपा ने
आडवाणी का सपना तोड़ा
आजम खाँ
हमारे हैं और हमारे रहेंगे - शिवपाल
लख्ननऊ।
उत्तर प्रदेश समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने
कहा है कि समाजवादी पार्टी ने भारतीय जनता पार्टी के नेता
लालकृष्ण आडवाणी के प्रधानमंत्री बनने के सपने को पूरी तरह से
ध्वस्त कर दिया है। कल्याण सिंह सहयोग से ही आडवाणी अपने
प्रधानमंत्री बनने के सपने को पूरा कर सकते थे लेकिन समाजवादी
पार्टी ने पिछड़ों को एकत्र करके और उनके मतों के विभाजन को
रोककर, भाजपा को ही तगड़ा झटका दिया है, जिससे अब लालकृष्ण
आडवाणी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। यही देश के
अल्पसंख्यक समुदाय का भी प्रयास है कि सांप्रदायिक ताकतें इस
देश में राज करने के लिए फिर कभी नहीं आ सकें।
शिवपाल
सिंह यादव ने यह बात समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर उस वक्त कही
जब वे मुरादाबाद के बहुजन समाज पार्टी के नेता और वहां बसपा के
जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुके ताकतवर नेता फिजाउल्लाह चौधरी को
समाजवादी पार्टी में शामिल कर रहे थे। फिजाउल्लाह चौधरी बसपा
छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए हैं। उनका भी यही कहना
था कि समाजवादी पार्टी और उसके नेता मुलायम सिंह यादव ने ही
देश में सांप्रदायिक शक्तियों को रोकने का बड़ा काम किया है और
अल्पसंख्यक समुदाय उन पर भारी विश्वास करता है जबकि बहुजन समाज
पार्टी सांप्रदायिक शक्तियों के अत्यंत करीब जा रही है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी इस बार लोकसभा चुनाव में बसपा
का सफाया कर देगी।
शिवपाल
सिंह यादव ने मीडिया से उल्टे प्रश्न किया कि कल्याण सिंह को
भाजपा से अलग करके भाजपा उत्तर प्रदेश में मजबूत कैसे हो सकती
है? यह बात तो केवल वही कह सकते हैं और कह रहें हैं जो
सांप्रदायिक शक्तियों को कभी रोक नहीं पाए जबकि समाजवादी
पार्टी इन्हें रोकने में सबसे आगे रही है और आगे है। उन्होंने
मीडिया को ऐसा कोई मौका नहीं दिया जिसमें वह कल्याण सिंह को
लेकर समाजवादी पार्टी और मुसलमानों के बीच नाराजगी की खबरें
तलाशती रहें। पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खाँ की
नाराजगी के संबंध में पूछे गए सवालों का भी उन्होंने बड़ी
कुशलता से उत्तर दिया और उन प्रयासों को सफलता से विफल करने की
कोशिश की, जिनमें कुछ लोग मोहम्मद आजम खाँ
को समाजवादी पार्टी से अलग
करने पर तुले हुए हैं।
शिवपाल सिंह यादव ने
मोहम्मद आजम खाँ के प्रति भारी सम्मान प्रकट करते हुए कहा कि
वह हमारे बड़े भाई हैं और उनकी बातों को जो लोग नाराजगी के रूप
में देख रहें हैं वह गलत हैं। शिवपाल सिंह यादव को जब मीडिया
के लोगों ने और ज्यादा कुरेदते हुए मोहम्मद आजम खाँ के संबंध
में प्रश्न किया तो उन्होंने बड़ी कुशलता से उत्तर दिया कि
मोहम्मद आजम खाँ समाजवादी पार्टी के टिकट देने वालो में से
हैं, इसलिए उनको लेकर किसी को कोई अनर्गल कयास नहीं लगाना
चाहिए। मोहम्मद आजम खाँ हमारे परिवार में बड़े भाई हैं और
उन्हें अपनी नाराजगी प्रकट करने का पूरा अधिकार है, तो उसमें
बुरा क्या है? उनसे हमारी लगातार बात होती है इसलिए नाराजगी का
कोई प्रश्न ही नहीं है और हम उन्हें मनाना जानते हैं। हम जानते
हैं कि उनका हमारे परिवार में कितना गहरा रिश्ता है। उन्होंने
इस बात का पुरजोर खंडन किया कि मुसलमान लोग सपा से नाराज हो
रहें हैं या पार्टी छोड़ रहें हैं। आजम खाँ साहब हमारे हैं और
हमारे ही रहेंगे। सपा के खिलाफ दुष्प्रचार वही लोग कर रहे हैं
जिन्हें या तो टिकट नहीं मिल रहा है या फिर वे लालच में
इधर-उधर भागते हैं।
राजनीतिक विश्लेषकों
का कहना है कि समाजवादी पार्टी ने कल्याण सिंह को भाजपा से अलग
करके वास्तव में भाजपा को उत्तर प्रदेश में बहुत कमजोर कर दिया
है। पिछले चुनाव में भी जब कल्याण सपा के साथ गठबंधन किए थे तब
भी भाजपा को भारी नुकसान हुआ था। इस बार मुलायम सिंह यादव ने
उत्तर प्रदेश में पिछड़े वर्ग को एक साथ लाने की जो कोशिशें की
हैं यह उन्हीं का परिणाम है कि कल्याण सिंह अब समाजवादी पार्टी
के साथ खडे़ हुए हैं। समाजवादी पार्टी से उत्तर प्रदेश में
लोकसभा का टिकट हासिल करने के लिए भी काफी मारामारी दिख रही
है। जहाँ तक कल्याण सिंह के भाजपा से सपा में आने का सवाल है
तो यह मुद्दा कोई मायने नहीं रखता है क्योंकि कई मौकों पर कई
मुस्लिम नेता भी भाजपा के साथ खड़े हो चुके हैं।
फिजाउल्लाह
चौधरी को सपा में शामिल करके समाजवादी पार्टी ने पश्चिम उत्तर
प्रदेश में बसपा को झटका दिया है।
|