भारतीयों का दिवाली मेला कनाडा को भाया

  • डा देवेंद्र मिश्रा

मरखम-कनाडा। अमेरिका में बसे भारतीय अपने त्योहारों को आस्था और परंपरागत रूप से मनाते हैं। पिछले दिनों आर्य समाज ने मरखम में वैदिक सांस्कृतिक केंद्र पर दिवाली मेले का एक भव्य आयोजन किया, जिसमें कनाडा की जानी-मानी हस्तियों और उनके परिवारों सहित भारतीय मूल के एक हजार से भी अधिक लोगों ने भाग लिया। दिवाली मेले में महिलाओं और बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए और सुख और समृद्घि की कामना करते हुए एक दूसरे को बधाईयां दीं।
बच्चों युवाओं महिलाओं और आर्य समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने काफी देर तक सांस्कृतिक उत्सव में जीटीए के मशहूर गायकों के कर्णप्रिय संगीत, कई तरह के संगीत नृत्य नाटक समूह नृत्य और संडे स्कूल के स्कूली छात्र-छात्राओं और महिलाओं ने विभिन्न कार्यक्रमों का मंचन किया। ये कार्यक्रम आर्य समाज की इस शाम के जहां मुख्य आकर्षण थे वहीं दीवाली मेले में आकर्षक भारतीय गहने, भारतीय परिधानों की खूब खरीददारी हुई। मेले में बहुत ही कम मूल्य पर भारतीय भोजन का आनंद दीवाली मेले को बिल्कुल भारतीय बनाए हुए था। मेले की कार्यसमिति के चेयरमैन डाक्टर देवेंद्र मिश्र ने बताया कि यहां भारतीय त्योहार रच-बस कर मनाए जाते हैं जिनमें अमरीका के नागरिक और उनके परिवार भी बढ़चढ़कर हिस्सा लेते हैं यह अनेकता में एकता की बड़ी मिसाल है।
एक माह चलने वाले दीवाली मेले में भारतीय समाज के अलावा कनाडा के अभिजात्य वर्ग के जिन प्रमुख नागरिकों नेताओं और सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया उनमें खैर पीटर कैंट, जॉन मैकलम, हेलेना जाज़ेक, जॉन ट्राय, फ्रैंक स्कारपेटी एवं भारतीय समाज के सुरेंद्र अरोड़ा, तुलसी राम शर्मा, गगन भल्ला, सैम चोपड़ा, काश सूद, सुरजीत भाभरा, अजित जैन और आर्य समाज के अध्यक्ष अमर ऐरी ने आर्य समाज की ओर से मेहमानों का स्वागत किया। इस अवसर पर मेहमानों ने अपने उद्गार व्यक्त किए और एकता की इस शानदार विरासत को उत्सव के माध्यम से और ज्यादा मजबूत बनाने का आह्वान किया। वक्ताओं ने कहा कि इससे भारत और कनाडा के बीच मैत्री और सांस्कृतिक संबंध और ज्यादा प्रगाढ़ होते जा रहे हैं।

Bookmark and Share